Shahjahanpur News: टोल टैक्स के पास फैक्टरी से दस क्विंटल नकली चाय पत्ती बरामद

छापे में बरामद नकली रैपर। संवाद
शाहजहांपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने चौक कोतवाली इलाके के टोल टैक्स के पास स्थित एक फैक्टरी में छापा मारकर दस क्विंटल नकली चाय की पत्ती बरामद की है। पुलिस ने ताजा कंपनी की नकली चाय, गगन ब्रांड कंपनी के नकली गुटखा के रैपर व भारी मात्रा में गुटखा बरामद हुआ। टीम ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।
रविवार शाम मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा व सीओ सिटी बीएस वीर कुमार ने भारी पुलिस बल व एसओजी के साथ फैक्टरी में छापा मारा। यहां जितेंद्र वर्मा नाम का व्यक्ति फैक्टरी का संचालन करते पाया गया। टीम को पैकेट व खुली करीब दस क्विंटल नकली चाय पत्ती बरामद हुई। इसके अलावा गगन ब्रांड का नकली गुटका भी बनाया जा रहा था।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा ने बताया कि फैक्टरी से छह क्विंटल चाय की पत्ती पैकिंग में और चार क्विंटल खुली बरामद हुई है। डेढ़ किलो गुटका व गगन ब्रांड कंपनी का रैपर बरामद हुए हैं। बरामद माल को सीज कर दिया गया है।
चार सैंपल भरकर नमूने लिए गए
खाद्य विभाग ने चाय की पत्ती के चार सैंपल सील किए हैं। उन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। बताते हैं कि नकली चाय की पत्ती को जिले के अलावा पड़ोसी जिलों में भी सप्लाई किया जाता था। फैक्टरी में उपस्थित मिले कर्मचारी ने चार महीने से चाय की पत्ती बनाने की बात स्वीकार की है।
डॉक्टर ने किराये पर दी थी जमीन, सरोज है मालिक
नकली चाय की फैक्टरी डॉ. राजेश की जगह पर चलाई जा रही थी। मुख्य खाद्य निरीक्षक रवि शर्मा ने बताया कि डॉ. राजेश ने किराये पर जगह दी थी। हालांकि, किरायानामा नहीं मिल सका है। फैक्टरी का संचालक सरोज नाम का व्यक्ति बताया जा रहा।
खाद्य विभाग की टीम ने नकली चाय की पत्ती आदि को छापामार कार्रवाई कर बरामद किया है। मामले की तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। – बीएस वीर कुमार, सीओ सिटी