Shahjahanpur News: कन्हैया हौजरी के मालिक और ट्रांसपोर्टर समेत नौ पर गैंगस्टर

हत्या के आरोपी नीरज गुप्ता, जो वर्तमान में जिला कारागर में निरुद्ध हैं।
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अजीजगंज निवासी सूरी ट्रांसपोर्ट के मैनेजर शिवम जौहरी की पीटकर हत्या करने के आरोपी कन्हैया हौजरी के मालिक व व्यापारी नेता नीरज गुप्ता, ट्रांसपोर्टर बंकिम सूरी समेत नौ लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। गैंग का मुखिया नीरज गुप्ता को बनाया गया है।
हौजरी के नग चोरी करने के आरोप में 11 अप्रैल, 2023 को शिवम जौहरी की कन्हैया हौजरी में खंभे से बांधकर पिटाई की गई थी। राजकीय मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई थी। घटना वाले दिन व्यापारी नीरज गुप्ता ने करंट लगने से शिवम की मौत होना बताया था।
पुलिस ने मृतक के पिता अधीश जौहरी की तहरीर पर कन्हैया हौजरी के मालिक नीरज गुप्ता, ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक बंकिम सूरी, कुणाल अरोरा, शिवम गुप्ता, केशव और नीरज गुप्ता के एकाउंटेंट समेत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया था।
अगले दिन शाम को शिवम जौहरी की खंभे से बांधकर डंडे से पीटने का वीडियो वायरल हुआ था। घटना के दो दिन के बाद पुलिस ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक बंकिम सूरी, शिवम गुप्ता, गोविंद गुप्ता और राघव गुप्ता को कैंटोमेंट क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की बात कही थी।
इसी क्रम में थाना सदर बाजार पुलिस ने नीरज गुप्ता, बंकिम सूरी, नदीम, गोविंद गुप्ता, शिवम गुप्ता, राघव गुप्ता, कुनाल अरोरा, प्रदीप चौरसिया, केशव पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई। इस मामले में थाना सदर बाजार इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है।
नीरज को गैंग का मुखिया बनाया
इंस्पेक्टर ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि नीरज गुप्ता का संगठित गैंग है। शेष आरोपी गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। गैंग मुखिया ने अपने सदस्यों के साथ मिलकर आपराधिक गिरोह बना रखा है, जो जिला व अंतर जिला में सक्रिय हैं। गिरोह विभिन्न तिथि पर भौतिक व आर्थिक लाभ के उद्देश्य के लिए जान से मारने का प्रयास, हत्या जैसे जघन्य अपराध करने के आदी हैं। कोई व्यक्ति इनके खिलाफ साक्ष्य देने का साहस नहीं कर पाता है। इसलिए जनहित में इनका स्वतंत्र रहना उचित नहीं है।
बंकिम सूरी समेत पांच लोग जमानत पर
हत्या के आरोप में जेल भेजे गए आरोपियों में पांच लोग जमानत पर बाहर हैं। इनमें सूरी ट्रांसपोर्ट के मालिक बंकिम सूरी व चार अन्य शामिल हैं। हालांकि, सूरी की जमानत के बाद मृतक शिवम के पिता अधीश जौहरी ने कुछ लोगों पर धमकाने का आरोप लगाते हुए बरेली के उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस ने अज्ञात में केस दर्ज किया था। अधीश ने सूरी की जमानत के विरोध में हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया है।
-नीरज गुप्ता व अन्य आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। -सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी

हत्या के आरोपी नीरज गुप्ता, जो वर्तमान में जिला कारागर में निरुद्ध हैं।