Budaun News: अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपो पलटा, पांच घायल

बिसौली रोड पर सड़क किनारे पलटा टेंपो। संवाद
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिलहरी (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर ग्राम भगवतीपुर के नजदीक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे पांच लोग घायल हो गए। इस दौरान कुछ देर के लिए जाम भी लग गया। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसा शुक्रवार दोपहर के समय हुआ। उस दौरान एक टेंपो सवारियों को लेकर वजीरगंज से बदायूं जा रहा था। टेंपो मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में भगवतीपुर के पीसीएफ गोदाम के नजदीक पहुंचा था कि तभी पीछे से आए किसी वाहन ने टेंपो में टक्कर मार दी, जिससे टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जाकर पलट गया।
इससे टेंपो में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा पूर्वी निवासी टीटू (45), उसकी मां तारावती (55), भतीजे बंटी (8) और मोनू (6), कुंवरगांव क्षेत्र निवासी राधा पत्नी राधेश्याम घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर जाम लग गया। सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई और तुरंत जाम खुलवाया। फिर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने टेंपो कब्जे में ले लिया है।