Shahjahanpur News: 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए 22 करोड़ स्वीकृत

डॉ.राजेश कुमार, प्राचार्य-राजकीय मेडिकल कॉलेज
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में आने वाले गंभीर रोगियों के उपचार के लिए 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए 22 करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं। कार्यदायी संस्था भी नामित की जा चुकी है। अस्पताल परिसर में जमीन मिलने के बाद भवन निर्माण शुरू कराया जाएगा।
अभी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आने वाले गंभीर मरीजों को लखनऊ या बरेली रेफर किया जाता है। यहां वेंटीलेटर की संख्या भी काफी कम है। डायलिसिस यूनिट भी बंद है। ऐसी स्थिति में मरीजों को राजकीय मेडिकल कॉलेज होने के बाद भी दूसरे जिलों में रेफर किया जाता है। गंभीर मरीजों को समुचित लाभ उपलब्ध कराने के लिए परिसर में 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट प्रस्तावित है। यूनिट के लिए शासन से कार्यदायी संस्था यूपी सिडको को नामित किया गया है। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार ने भवन के निर्माण के लिए 16 करोड़ और उपकरण के लिए आठ करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
अति गंभीर मरीजों को मिलेगा लाभ
क्रिटिकल केयर यूनिट में अति गंभीर मरीजों का उपचार किया जाएगा। गर्भवती महिला के गंभीर होने की स्थिति में डिलीवरी टेबल, बेड, मेडिसन, सर्जरी, वेंटीलेटर बेड, डायलिसिस बेड आदि की व्यवस्था रहेसी। हालांकि अभी स्टाफ को लेकर शासन स्तर से कोई दिशा-निर्देश प्राप्त नहीं हो सका है।
4250 स्क्वॉयर मीटर जमीन की आवश्यकता
अस्पताल परिसर के अंदर ही 4250 स्क्वॉयर मीटर जमीन केयर यूनिट के लिए चाहिए। प्राचार्य ने नए भवन के पास पड़ी जमीन व सीएमओ के ड्रग वेयर हाउस को अस्पताल को देने की मांग करते हुए डीएम से पत्राचार किया था। सीडीओ ने नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। बृहस्पतिवार को नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में टीम ने जांच की। जल्द ही रिपोर्ट डीएम को दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, जमीन मिलने के बाद काम को शुरू करा दिया जाएगा।
क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। सीएमओ के ड्रग वेयर हाउस की जमीन का टीम ने निरीक्षण किया। जमीन उपलब्ध होने के बाद काम शुरू हो जाएगा।
– डॉ. राजेश कुमार, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज

