Pilibhit News: गांवों में तैनात सफाईकर्मियों की हाजिरी पर अब शासन रखेगा नजर
पीलीभीत। गांवों में तैनात सफाईकर्मियों की मनमानी पर शासन जल्द ही नकेल कसने की तैयारी में है। उनकी हाजिरी पर अब सरकार की नजर रहेगी। अगले महीने से सभी की ऑनलाइन हाजिरी लगने लगेगी। जिला पंचायत राज अधिकारी को 15 सितंबर तक सभी के नाम सहित पूरा विवरण पोर्टल पर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।
गांवों में साफ-सफाई के लिए पंचायती राज विभाग की ओर से सफाई कर्मियों को तैनात किया गया है। वर्तमान में इनकी हाजिरी ग्राम प्रधानों द्वारा प्रमाणित की जाती है। इसमें घपले की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी तरह गांवों में बनाए गए सामुदायिक शौचालय के केयरटेकर भी मनमानी कर रहे हैं।
इन शिकायतों को देखते हुए शासन ने सफाई कर्मचारियों और केयरटेकरों की हाजिरी ऑनलाइन लगवाने की तैयारी कर ली है। वर्तमान में ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की हाजिरी ऑनलाइन दर्ज हो रही है। इसी तरह अब सफाई कर्मचारियों की हाजिरी भी दर्ज की जाएगी। इसके लिए शासन ने जिला पंचायत राज अधिकारी को 15 सितंबर तक पूरी जानकारी के साथ विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
..
ब्लॉक और जिला स्तर पर सौंपी गई जिम्मेदारी
सफाई कर्मचारियों और केयरटेकरों की ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर उपनिदेशक पंचायत एसएन सिंह ने दिशा निर्देश जारी किए हैं। इनमें कहा गया है अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी निमित रूप से सफाई कर्मियों और केयरटेकरों की हाजिरी का अवलोकन करेंगे। जिला स्तर पर जिला पंचायत राज अधिकारी हाजिरी देखेंगे। अपर जिला पंचायत राज अधिकारी रोजाना हर ब्लॉक से रिपोर्ट लेने के बाद जनपद स्तर पर उसे संरक्षित करेंगे। सफाई कर्मियों और केयरटेकरों की पोर्टल पर उपस्थित की तकनीकी समस्या का निदान जनपद स्तर पर अपर जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से परियोजना अधिकारी के माध्यम से कराया जाएगा। जिले में 1298 सफाई कर्मी और 650 केयरटेकर तैनात हैं।
..
वर्जन
सफाई कर्मचारियों और केयरटेकर की ऑनलाइन हाजिरी को लेकर शासन से दिशा निर्देश मिले हैं। सभी केयरटेकर और सफाई कर्मियों का नाम, मोबाइल नंबर और तैनाती स्थल सहित पूरा ब्योरा खंड विकास अधिकारियों से मांगा गया है। – सतीश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी