Pilibhit News: ग्यासपुर समिति का नया भवन बनेगा, 20 लाख की खाद मंगाई जाएगी
बीसलपुर। ग्यासपुर किसान सेवा सहकारी समिति के सभागार में शनिवार को हुई संचालक मंडल की बैठक में तय किया गया कि समिति को घाटे से उबारने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। पुराने जर्जर भवन को तुड़वाकर नया भवन बनवाया जाएगा। खाद की किल्लत दूर करने के लिए 20 लाख रुपये की खाद मंगाई जाएगी।
सचिव लाल बहादुर वर्मा ने कहा कि समिति के 480 सदस्यों पर करीब डेढ़ करोड़ रुपया कई वर्षों से बकाया है। इनमें से कुछ बकायेदारों की मृत्यु भी हो चुकी है। उनके घरवाले बकाया होने की बात भी स्वीकार नहीं कर रहे हैं। ऐसे में समिति डेढ़ करोड़ के घाटे में चल रही है। समिति को घाटे से उबारने के लिए नए सदस्य जोड़े जाएंगे। कर्मचारियों के बकाया वेतन के भुगतान का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में संचालक मंडल के उपाध्यक्ष सूर्यप्रकाश गंगवार, प्रेमसागर पटेल, जितेंद्र कुमार, गुंजा देवी, सुमित कुमार, पूजा देवी, सतीश कुमार आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता चंद्रपाल शर्मा और संचालन लाल बहादुर वर्मा ने किया।