Shahjahanpur: बाबूजई मोहल्ले में सरेराह बाइक सवारों ने युवक की कनपटी पर गोली मारी, गंभीर हालत में बरेली रेफर

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर की चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाबूजई में रविवार शाम को सरेराह बाइक सवार दो युवकों ने शोएब उर्फ शब्बू (28) की कनपटी में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां से उसे बरेली रेफर कर दिया। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। सूचना पर एसपी अशोक कुमार मीणा, एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने पुलिस बल के साथ मौका-मुआयना किया है।
शोएब करीब 15 साल पहले पंजाब के अमृतसर में जाकर रहने लगा था। वहां उसके पिता नफीस अहमद की मोबाइल की दुकान है। शोएब के दादा का इंतकाल होने के चलते शनिवार की सुबह अपने परिवार के साथ घर आया था। रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपनी पत्नी व बेटी के साथ रिश्तेदारी से घर लौट रहा था। मकान से चंद कदम की दूरी पर सामने से आए बाइक पर सवार दो युवकों ने शोएब को गोली मार दी।
गोली उसकी कनपटी पर लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग निकल आए। उन्हें खून से लथपथ शोएब पड़ा मिला। तुरंत ही घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया। सूचना पर एसपी अशोक मीणा समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने घायल के परिजनों से पूछताछ भी की है।


