कोरोना: दो मरीज स्वस्थ, नहीं मिला कोई नया संक्रमित
रामपुर। जनपद में कोरोना की बढ़ती रफ्तार के बीच मंगलवार को राहत रही। इस दौरान जहां कोई भी नया मामला सामने नहीं आया, वहीं दो मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया।
नोडल अधिकारी डॉ. पंकज द्विवेदी ने बताया कि सोमवार को 333 लोगों की एंटीजन किट से कोरोना जांच की गई। इसमें कोई भी पॉजिटिव नहीं निकला। 312 लोगों के सैंपल जांच के लिए आरटीपीसीआर लैब को भेजे गए थे। इनमें किसी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है। उन्होंने बताया कि जनपद में अब 13 मरीज सक्रिय रह गए हैं। सभी मरीजों का इलाज घर पर ही किया जा रहा है। इनको जरूरी दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। अभी तक किसी भी मरीज को अस्पताल में भर्ती करने की नौबत नहीं आई है। गौरतलब है कि एक दिन पहले कोरोना के पांच मामले आए थे। पहली लहर से अब तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 15039 हो चुकी है।

