Shahjahanpur News: तीन मोहल्लों में घूमा तेंदुआ, दहशत में कटी पूरी रात
खुटार। एक तेंदुआ भटकता हुआ खुटार के मोहल्ला देवस्थान, पूर्वी गढ़ी और रायटोला में आ पहुंचा। तेंदुए ने दो मकानों पर भी चढ़ने का प्रयास किया। शोर होने पर तेंदुआ गोला बाईपास रोड की ओर से खेतों में भाग निकला।
घटना 14 अगस्त रात की है। रात लगभग एक बजे तेंदुआ सबसे पहले नगर के मुख्य चौराहे के पास देखा गया। बाइक सवार दो लोगों ने तेंदुए को देखकर शोर मचाया तो तेंदुआ गोला रोड होते हुए देवस्थान मंदिर के पास जाकर बैठ गया। पीछे से आए बाइक सवारों ने यहां भी शोर किया तो तेंदुआ कुछ आगे चलकर मोहल्ला रायटोला में जाकर बैठ गया। यहां कुत्तों ने भौंकना शुरू किया तो तेंदुआ मोहल्ले के सिपाहीलाल सक्सेना के मकान के टिन शेड पर चढ़ गया।
टिन शेड की आवाज होने पर पड़ोस के पुनीत गुप्ता ने टार्च जलाई तो तेंदुआ देखकर उन्होंने भी शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद तेंदुआ मकानों की छतों से छलांग लगाता हुआ गोला बाईपास रोड की ओर से खेतों में चला गया। तेंदुआ के वापस आने की आशंका से परेशान लोग रात में जागकर शोर शराबा करते रहे। तेंदुआ होने की सूचना वनकर्मियों को भी दी गई, लेकिन कोई नहीं पहुंचा।
कई लोगों ने रास्ते में बैठे तेंदुए को समझा कुत्ता
रात में देवस्थान मंदिर के पास और रायटोला देवस्थान के बीच कुंए के पास बैठे तेंदुए को कई लोगों ने देखा, लेकिन उसे कुत्ता समझकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। तेंदुआ भी चुपचाप बैठा रहा। लोगों का कहना है कि तेंदुआ बीमार लग रहा था। कई जगहों पर कुछ दूर चलने के बाद बैठ जाता था। कुत्तों के भौकनें पर भी तेंदुए ने उन पर झपटने का प्रयास नहीं किया। तेंदुआ देवस्थान में जिस जगह बैठा था, वहां एक छुट्टा बछड़ा भी घूम रहा था, लेकिन तेंदुए ने बछड़े पर भी हमले का प्रयास नहीं किया।
14 अगस्त की रात सूचना मिली थी, लेकिन फोन करने वाले ने लोकेशन नहीं बताई थी, इस कारण मैं मौके पर नहीं पहुंच सका। इसके बाद किसी ने कोई शिकायत नहीं की।
– मनोज कुमार श्रीवास्तव, रेंजर खुटार