पीलीभीत

Pilibhit News: प्रार्थना सभा में धर्मांतरण कराने के आरोप में हिंदू संगठनों ने किया हंगामा

Connect News 24

संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

Updated Wed, 16 Aug 2023 11:57 PM IST

पूरनपुर। घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव दिलावरपुर में प्रार्थना सभा में धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। एक व्यक्ति भाग गया।

गांव दिलावरपुर में प्रार्थना सभा की जानकारी पर मंगलवार को पहुंचे अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल आदि हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर एसओ मदन मोहन चतुर्वेदी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हंगामा कर रहे लोगों को शांत कर पुलिस ने प्रार्थना सभा से दो लोगों को हिरासत में ले लिया। दोनों गांव दियोरिया कलां के हैं। पुलिस के पहुंचने पर एक व्यक्ति घर से भाग गया।

एसओ ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, गांव जितोरिया टांडा, पुन्नापुर आदि गांव में भी प्रार्थना सभाएं होने की चर्चा है। एसओ ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button