Bareilly News: जहां पहले से बनी थी सीसी सड़क, वहां फिर से बनाई
नवाबगंज। ग्राम पंचायत रिछोला किफायतुल्ला में विकास कार्यों के नाम पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर आरोप लगाते हुए डीएम शिवाकांत द्विवेदी से शिकायत की है। डीएम ने दो सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है।
डीएम को दिए शिकायती पत्र में गांव के मुख्तियार अहमद, छोटे, नन्हे, नफीस अहमद, मोहम्मद नफीस, अफसर अली, मोहम्मद तसलीम, अब्दुल करीम आदि ने बताया कि ग्राम प्रधान की जगह उनके पति कामकाज देखते हैं। गांव में जलालुद्दीन के घर के सामने सीसी रोड का निर्माण किया गया था। यह सड़क पहले से बनी हुई थी। सड़क की हालत भी ठीक थी। इसके बाद भी यहां फिर से निर्माण कर सरकारी धन की बर्बादी की गई है।
उन्होंने बताया कि गांव में पुरानी ईंटो से खडंजा निर्माण के साथ मनरेगा मजदूरों से निजी प्लॉट पर मजदूरी कराने व लाइटों की मरम्मत के नाम पर फर्जीवाड़ा किया गया है। शिकायत पर डीएम ने जांच कमेटी का गठन किया है। कमेटी में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी और लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता को नामित किया गया है।
जांच कमेटी रिपोर्ट डीएम को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। खंड विकास अधिकारी महेश चंद्र शाक्य ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। जांच का आदेश आया होगा तो ऑफिस में होगा। मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।



