Budaun News: बारिश में दीवार गिरी, मलबे में दबे दंपती, पति की गई जान

मृतक नरेश चंद्र शर्मा का फाइल फोटो। संवाद
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बैरमई बुजुर्ग में बारिश के दौरान पशुशाला की दीवार गिरने से दंपती मलबे में दब गए। हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम पहुंच गई।
सोमवार की शाम तेज बारिश हुई थी। इसके बाद गांव बैरमई बुजुर्ग निवासी 62 वर्षीय नरेश चंद्र शर्मा और उनकी पत्नी राजवती खाना खाने के बाद घर से कुछ ही दूरी पर मौजूद पशुशाला में पशुओं को देखने चले गए थे। दोनों बरसात बंद होने के इंतजार में कुछ देर वहीं रुके रहे। तभी अचानक दीवार भरभरा कर उनके ऊपर गिर गई। आवाज सुनकर पड़ोसी और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से मलबे में दबे दंपती को बाहर निकाला और बिल्सी में निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को घर भेज दिया गया। रात में करीब 12 बजे नरेश चंद्र की अचानक से तबीयत बिगड़ गई और कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। तहसील प्रशासन और कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में एसएचओ एके सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। मुआवजे के लिए तहसील प्रशासन को अवगत करा दिया गया है।

मृतक नरेश चंद्र शर्मा का फाइल फोटो। संवाद

मृतक नरेश चंद्र शर्मा का फाइल फोटो। संवाद

मृतक नरेश चंद्र शर्मा का फाइल फोटो। संवाद