Budaun News: ट्रैक्टर-ट्राॅली से गिरकर कांवड़िये की मौत
बरेली से जल भरने कछला गंगा घाट जा रहा था
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनावर (बदायूं)। बरेली-बदायूं हाईवे पर शुक्रवार रात 22 वर्षीय कांवड़िये राजकुमार की ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर मौत हो गई। वह अपने जत्थे के साथ जल भरने बरेली से कछला गंगाघाट जा रहा था। तभी रास्ते में करतोली गांव के नजदीक झपकी आने पर वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिर गया। साथियों ने उसे बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसने दम तोड़ दिया।
कांवड़िया राजकुमार पुत्र वीरपाल गुर्जर बरेली जिले में फतेहगंज पश्चिमी का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 10 बजे राजकुमार अपने गांव के कांवड़ियों के साथ जत्थे में कछला गंगाघाट जल भरने जा रहा था। बताते हैं कि वह ट्रॉली पर अगले हिस्से में बैठा था। उसका जत्था बरेली-बदायूं हाईवे पर करतोली गांव के नजदीक पहुंचा, तभी अचानक उसको झपकी आ गई। इससे राजकुमार ट्रॉली के आगे गिर गया। जब तक कांवड़ियों को इसकी जानकारी हुई, तब तक ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया।
सूचना पर बिनावर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गंभीर हालत देखकर कांवड़िये को साथी बरेली के निजी अस्पताल में ले गए जहां उसको मृत घोषित कर दिया गया। कांवड़िये के शव का बरेली में ही पोस्टमार्टम कराया गया। इंस्पेक्टर ऋषिपाल सिंह ने बताया कि हादसा शुक्रवार रात करीब 10:00 बजे हुआ।