Budaun News: कुआं पाटकर बनाई दुकान, संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचा मामला

बिल्सी तहसील में लोगों की शिकायतें सुनते डीएम,एसएसपी। संवाद
डीएम ने दिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं/ बिल्सी। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान इस्लामनगर निवासी सत्यपाल गुप्ता ने शिकायत की कि नगर पंचायत इस्लामनगर के मोहल्ला बड़ी होली में एक बड़ा कुआं था और वहां कुछ भूमि खाली पड़ी थी। जिस पर कुछ व्यक्तियों ने अवैध कब्जा कर कुएं को पाट दिया और वहां दुकान बना दी। मामले को डीएम ने गंभीरता से लेते हुए ईओ इस्लामनगर को जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शनिवार को तहसील बिल्सी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान डीएम मनोज कुमार ने कहा कि आमजन की शिकायतों का निस्तारण मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में है। इसलिए अधिकारी शिकायती व प्रार्थना पत्रों का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान ग्राम रियोनाई दलाई के जसवंत ने उनके पिता की मृत्यु के बाद उन्हें मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना बीमा योजना का लाभ दिलाए जाने की मांग की। जिस पर डीएम ने एसडीएम बिल्सी को निर्देशित किया कि वह प्रकरण को स्वयं देखें और प्राथमिकता पर उसका निस्तारण करें।
रफी नगर के वीरेश ने डीएम के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया कि 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से उसकी तीन भैंसों की मृत्यु हो गई। उन्होंने सरकारी सहायता दिलाए जाने की मांग की। जिस पर डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग खंड-चार को प्राथमिकता पर आवेदक से वार्ता कर उसकी समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस के बाद डीएम मनोज कुमार, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, सीडीओ केशव कुमार ने तहसील परिसर में पौधरोपण भी किया। इस मौके पर एसडीएम बिल्सी जीत सिंह राय, सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।
–
11 शिकायतों का हुआ निस्तारण
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 180 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। साथ ही शेष के गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।