Rampur News: शिक्षकों को स्कूलों का ऑनलाइन आवंटन फिर लटका
रामपुर। जिले में बेसिक स्कूलों में शिक्षकाें की कमी है। 50 से अधिक स्कूल एकल संचालित हो रहे हैं। दूसरी ओर अंतरजनपदीय तबादले पर जिले में आए 160 शिक्षक बीएसए दफ्तर में हाजिरी देकर लौट रहे हैं। एक माह से अधिक समय होने के बाद भी इन्हें स्कूल का आवंटन नहीं हो सका है।
जुलाई के पहले सप्ताह में ही अंतरजनपदीय तबादला के बाद सूची के आधार पर शिक्षकों ने स्थानांतरित जिलों में जाकर विभागीय कार्यालयों में उपस्थिति दर्ज करा दी। तबादले का लाभ लेकर आने वाले शिक्षकों को ऑनलाइन स्कूल का आवंटन होना है। अंतरजनपदीय तबादले में जिले में आए 160 शिक्षक हर रोज बीएसए दफ्तर में उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। शासन ने 16 व 17 अगस्त को अंतरजनपदीय तबादले पर आए शिक्षकाें को ऑनलाइन स्कूलों का आवंटन करने के निर्देश दिए थे। किन्हीं कारणों से इस तिथि को रद कर दिया गया है। अभी तक नई तिथि का निर्धारण भी नहीं हो सका है। ऐसी स्थिति में फिलहाल स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होने की कोई उम्मीद नहीं है।
बीएसए के आदेशों पर नहीं हुआ अमल
एकल स्कूलों में शिक्षकाें की कमी दूरी करने के मकसद से बीएसए संजीव कुमार ने तबादला होकर आए शिक्षकों को स्कूल आवंटन न होने तक अस्थायी रूप से एकल स्कूलों में पढ़ाने के निर्देश दिए थे। इस संबंध में सभी ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारियों से एकल स्कूलों की सूची मांगी गई थी। ऐसा करते एक माह गुजर गया लेकिन शिक्षक स्कूलों में नहीं पहुंचे।
शासन की ओर से 16 व 17 अगस्त में ऑनलाइन स्कूल आवंटन की तिथि निर्धारित की गई थी। जिसको अब स्थगित कर दिया गया है। आगे जो भी दिशा-निर्देश प्राप्त होंगे, उसी आधार पर स्कूल आवंटन किया जाएगा। -संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामपुर।