शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: रुपये खत्म होने पर घर लौटा तारिक, पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा

Connect News 24

Tariq returned home after running out of money, police caught him after an encounter

चौक कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में गोलीकांड का आरोपी तारिक

शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाबूजई में शुएब की कनपटी पर गोली मारकर हत्या का प्रयास करने के मुख्य आरोपी तारिक को पुलिस ने डैम के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। रुपये खत्म होने पर वह घर लौट रहा था। पुलिस ने तमंचा व सात कारतूस भी बरामद किए हैं।

पंजाब के अमृतसर में रहकर मोबाइल का कारोबार करने वाला शुएब दादा के 40वें में शामिल होने के लिए बाबूजई अपने पैतृक घर आया था। 13 अगस्त की शाम को पत्नी चांदनी व मां के साथ रिश्तेदार के घर से खाना खाकर घर लौटते समय रास्ते में उसकी कनपटी पर गोली मारकर हत्या का प्रयास किया था।

सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार तीन लोग नजर आए थे। पुलिस ने घायल के चाचा सलीम की ओर से गौहरपुरा निवासी तारिक, बाबूजई का गुफरान व हयातपुरा के नदीम को नामजद किया था। पुलिस ने गुफरान और नदीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि तारिक फरार चल रहा था।

एसपी ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली प्रभारी केबी सिंह के नेतृत्व में एसओजी टीम को लगाया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार सुबह 3:25 बजे डैम रोड उमरगंज के पास मुठभेड़ में तारिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि भाई से शादी को तोड़कर चांदनी की शादी उसके परिजनों ने शुएब के साथ कर दी थी। उस समय काफी ज्यादा बेइज्जती हुई थी। उसी का बदला लेने के लिए घटना को अंजाम दिया था।

कई साल से सुलग रही थी दुश्मनी की चिंगारी, शुएब था अंजान

शुएब व तारिक रिश्तेदार हैं। शुएब के चाचा सलीम के अनुसार, चांदनी व मुशरान की शादी की बात लंबे समय से चल रही थी। तारिक ने पुलिस को बताया कि मुशरान की शादी चांदनी से तय होने के बाद भी रिश्ता तोड़कर चांदनी से निकाह कर दिया था। रिश्ता टूटने से उसकी व परिवार की काफी बेइज्जती हुई। शुएब के पंजाब से आने के बाद उसने गुफरान व नदीम के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने का प्लान बनाया था।

ऑपरेशन होने के बाद भी बोल नहीं पा रहा शुएब

घटना के आठ दिन बीतने के बाद भी शुएब कुछ बोल नहीं पा रहा है। घायल होने पर उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज से बरेली रेफर किया गया था। फिर दिल्ली में भर्ती कराया गया था। चाचा सलीम ने बताया कि सिर का ऑपरेशन हो गया है। थोड़ा ठीक होने पर मेमोरी के बारे में पता चल सकेगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button