Rampur News: डायवर्जन खत्म होते ही सभी वाहनों के खुल गया हाईवे
रामपुर। सावन के सातवें सोमवार पर जलाभिषेक के बाद दोपहर दो बजे से बरेली-मुरादाबाद हाईवे सभी वाहनों के लिए खोल दिया गया। जिसके बाद हाईवे पर सभी प्रकार के हल्के-भारी वाहनों ने रफ्तार पकड़ी। सावन के आखिरी सोमवार से पहले शुक्रवार रात आठ बजे से हाईवे पर फिर से रूट डायवर्जन लागू होगा।
हाईवे पर बीते तीन दिनों से ट्रक, रोडवेज बस, लोडर आदि भारी वाहनों का आवागमन बंद था। इनको पटवाई से शाहबाद होकर गुजारा जा रहा था। जबकि एक लेन में कांवड़िये और दूसरी लेन में बाइक, कार आदि चल रही थीं। कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए शहर के अंदर से गई सड़क पर अंतिम दो दिनों तक काराें को भी गुजरने नहीं दिया। शहर में आने व शहर से जाने वाली कारों को ज्वालानगर में राम-रहीम पुल से गुजारा गया था।
सोमवार को मंदिरों में जलाभिषेक होने के बाद हाईवे पर कांवड़ियों की भीड़ खत्म हो गई। इसके बाद दोपहर में दो बजे से बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर यातायात खोल दिया। सभी प्रकार के हल्के-भारी वाहन हाईवे पर फर्राटा भरते हुए नजर आए। यातायात निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि सावन के आखिरी सोमवार के मद्देनजर शुक्रवार रात आठ बजे से रूट डायवर्जन लागू होगा। इस दौरान हाईवे पर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।

