Rampur News: अवैध मेडिकल स्टोर से लिया गया नमूना फेल, दर्ज होगी रिपोर्ट
रामपुर। बिना लाइसेंस के संचालित मेडिकल स्टोर को औषधि सहायक आयुक्त ने छापा मारकर सील कर दिया था। साथ ही मेडिकल स्टोर से दवा का नमूना लेकर लैब भेजा था, जो फेल हो गया। अब मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। 25 जुलाई को शाहबाद के सेहविया खुर्द में संचालित अवैध मेडिकल स्टोर की शिकायत की गई थी। इस पर मुरादाबाद के औषधि सहायक आयुक्त मनु शंकर ने रामपुर ड्रग इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, मुरादाबाद की ड्रग इंस्पेक्टर उर्मिला वर्मा के साथ छापा मारा था। संतोष कुमार द्वारा बिना लाइसेंस के संचालित मेडिकल स्टोर को सील कर 90 हजार रुपये की दवाओं को सील कर कब्जे में ले लिया गया था। साथ ही दवाओं के नमूने जांच को लैब भेजे गए थे।
छापेमारी के दौरान लिया गया एंटीबायोटिक एमोक्सिसिलिन और पोटेशियम क्लावुलेनेट का नमूना राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ में फेल हो गया। दवा के नमूने फेल होने पर मेडिकल स्टोर संचालक को नोटिस जारी किया गया है। दवा की क्रय रिपोर्ट औषधि कार्यालय से मांगी गई है। ड्रग इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि क्रय रिपोर्ट लेकर आरोपी मेडिकल संचालक और फर्म के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

