Rampur News: आजम की अपील पर नहीं हो सकी सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Wed, 23 Aug 2023 12:59 AM IST
रामपुर। नफरती भाषण केस में सेशन कोर्ट में दायर सपा के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खां की अपील पर मंगलवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले की सुनवाई 14 सितंबर को होगी।
बताते चले कि सपा नेता आजम खां पर आरोप है कि आठ अप्रैल 2019 को धमौरा गांव में जनसभा के दौरान आजम खां ने संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था।
इसके बाद एडीओ सहकारिता अनिल चौहान ने शहजादनगर थाने में आजम खां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने विवेचना के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी। सुनवाई के बाद एमपी-एमएलए कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल ने आजम खां को 15 जुलाई को नफरती भाषण देने के मामले में दोषी मानते हुए दो साल की सजा व ढाई हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। निचली अदालत के फैसले के खिलाफ आजम खां ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से सेशन कोर्ट में अपील दाखिल की है, जिस पर सेशन कोर्ट में सुनवाई हो रही है। मंगलवार को इस मामले में सुनवाई होनी थी,लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी। सुनवाई के लिए 14 सितंबर की तारीख मुकर्रर की गई है।