बदायूं

Budaun News: शादी के दौरान गर्भवती थी पत्नी, पति ने की थी आत्महत्या

Connect News 24

– हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव चंगासी का मामला, अब पत्नी समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। हजरतपुर इलाके में शादी के दौरान पत्नी के गर्भवती होने पर उसके पति ने 18 अगस्त को फंदे से लटककर जान दे दी थी। अब उसके चाचा ने युवक की पत्नी और उसके ससुराल वालों पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है।

थाना क्षेत्र के गांव चंगासी निवासी शिव सिंह के मुताबिक उनके भतीजे सचिन कुमार पुत्र भंवरपाल की शादी 11 जून, 2023 को बरेली के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के साथ हुई थी। शादी के दौरान युवती गर्भवती थी, लेकिन उसके परिवार वालों ने यह बात सचिन कुमार से छिपाई। पत्नी का बढ़ा पेट देखकर सचिन ने पूछा भी था, लेकिन उसने बताया था कि वह सिलाई का काम करती है। ज्यादा देर तक बैठने से उसका पेट बढ़ गया है। 14 अगस्त को युवती के पेट में दर्द हुआ था।

इससे सचिन अपनी पत्नी को एक डॉक्टर के पास ले गया। वहां उसका अल्ट्रासाउंड कराया तो उसकी रिपोर्ट सुनकर सचिन के पैरों तले से जमीन खिसक गई। पता चला कि युवती आठ माह की गर्भवती है। दर्द होने पर सचिन उसे बरेली ले जा रहा था कि रास्ते में उसने बच्ची को जन्म दे दिया। उसने पत्नी को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।

इसकी सूचना पर युवती के मायके वाले भी पहुंच गए थे। सचिन ने उनसे इसकी शिकायत की तो वह झगड़े पर उतारू हो गए। उन्होंने धमकी दी कि किसी से कहा तो वह उसको जेल भिजवा देंगे। अधिक शर्म वाला है तो कहीं जाकर आत्महत्या कर ले। 15 अगस्त को उसके मायके वाले युवती को लेकर चले गए। सचिन भी घर आ गया और उसने 18 अगस्त को फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया था, लेकिन इस संबंध में तहरीर नहीं आई थी। अब उसके चाचा ने तहरीर देकर युवती, उसके माता-पिता और भाई प्रदीप के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एसओ प्रभात कुमार ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसमें विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button