Pilibhit News: हाईटेंशन लाइन का केबल बॉक्स फटा, साढ़े तीन घंटे ठप रही बिजली

केबिल बक्से में आई खराबी को सही करते कर्मचारी । संवाद
पूरनपुर। 132 केवीए सब स्टेशन से नगर के विद्युत सब स्टेशन को आने वाली 33 केवीए लाइन का केबल बॉक्स फटने से नगर के 16500 घरों की बिजली आपूर्ति साढ़े तीन घंटे तक ठप रही। इससे उपभोक्ताओं को भारी असुविधा हुई।
असम हाईवे पर गांव चांट फिरोजपुर के समीप 132 केवीए सब स्टेशन से नगर के अलावा क्षेत्र के अन्य विद्युत सब स्टेशनों को बिजली आपूर्ति के लिए 33 केवीए की लाइनें डाली गईं हैं। नगर के विद्युत सब स्टेशन को आने वाली 33 केेवीए लाइन का केबल बॉक्स 132 केवीए सब स्टेशन के समीप बुधवार दोपहर 2.40 बजे फट गया। इससे नगर के 16500 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बूंदाबांदी होने के चलते पहले एक घंटे तक फॉल्ट को सही करना ही नहीं शुरू किया गया। बारिश थमने के बाद फॉल्ट को सही करने का काम शुरू हुआ। इस दौरान अधिकांश इन्वर्टर भी बंद हो गए। उपभोक्ताओं को भारी असुविधा हुई। एसडीओ प्रवीण कनौजिया ने बताया कि 132 केवीए विद्युत सब स्टेशन के समीप 33 केवीए लाइन में फाल्ट से बिजली आपूर्ति ठप हुई थी। इसे शाम छह बजे सुचारू करा दिया गया है।
00
सिस्टम अपग्रेड न होने से बिलों के संशोधन का काम अटका
पूरनपुर। बिजली विभाग का सिस्टम अपग्रेड न होने से ग्रामीण क्षेत्र के बिजली बिल संशोधित नहीं हो पा रहे हैं। बिल सही कराने को पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को चक्कर लगाने पड़ रहे है। इससे उपभोक्ताओं में रोष है। एसडीओ बिजली कार्यालय परिसर में बिल जमा करने और संशोधन करने को कक्ष बना है। 10 अगस्त से ऑन लाइन बिल संशोधन का काम ठप है। बजह संशोधन प्रणाली में अपग्रेड हो रहा है। इससे बिल सही कराने वाले उपभोक्ताओं को चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। एसडीओ प्रवीण कनौजिया ने बताया कि सिस्टम अपग्रेड न होने से बिल संशोधन में समस्या आ रही है।



