Bareilly News: आईजी ने लगाई सीओ मीरगंज और शाही इंस्पेक्टर की क्लास
बरेली। शाही और उससे सटे इलाकों में एक-एक कर छह महिलाओं की हत्या के मामले में शुक्रवार को आईजी रेंज ने बैठक की। उन्होंने मीरगंज सीओ और शाही थाने के मौजूदा व पूर्व इंस्पेक्टर की क्लास लगाई।आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने सीओ से कहा कि सभी घटनाओं में लगभग एक जैसी स्थिति सामने आ रही है। इसलिए लापरवाही बरतने की जरूरत नहीं है। छोटी-छोटी सूचनाओं को अन्यथा न लें। कुछ मामलों में ऐसी ही सूचनाओं से सटीक खुलासे का रास्ता मिलता है। बेहतर पुलिसिंग के सभी गुर अपनाकर काम किया जाए तो सफलता जरूर मिलेगी। बैठक में एसएसपी को पुलिस फोर्स सक्रिय रखने, हत्या के पुराने मामलों के शीघ्र खुलासा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
आईजी बोले, इन बिंदुओं पर करें काम
– एसपी देहात की अगुवाई में एसआईटी गठित कर दर्ज मुकदमों की विवेचना की रोज समीक्षा की जाए।
– टीमें दोबारा घटनास्थलों का गहनता से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाएं।
– घटनास्थलों से प्राप्त साक्ष्यों का गहनता से अध्ययन कर विधि विशेषज्ञों की राय लें।
– सीसीटीवी कैमरों से महत्वपूर्ण फुटेज लेकर जांच करें।
– एसओजी व सर्विलांस टीम को लगाकर जांच में तेजी लाएं।
– ग्राम सुरक्षा समितियों व चौकीदारों को गोष्ठी कर जागरूक करें।
– ग्राम प्रधानों, संभ्रांत व्यक्तियों के साथ पीस कमेटी की बैठक करें।
– आपराधिक घटनाओं के दृष्टिगत हॉटस्पाट को चिह्नित कर नियमित कॉम्बिंग की जाए।
– थाना क्षेत्र में संदिग्ध, घुमंतु, नशेबाज, आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिह्नित कर घटनाओं में उनकी संलिप्तता के संबंध में जांच की जाए।
वर्जन
शाही क्षेत्र में महिलाओं की हत्या के मामले में पुलिस खुलासे के प्रयास में लगी है। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों के निर्देशों का भी पूरी तरह पालन किया जाएगा। – घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी


