रामपुर

Rampur News: 34 हजार से अधिक बच्चों को ड्रेस के लिए नहीं मिले रुपये

Connect News 24

रामपुर। बेसिक स्कूलों में पढ़ने वाले 34 हजार से अधिक बच्चों को यूनिफॉर्म सहित जूता-मोजा, बैग व स्वेटर की खरीद के लिए दी जाने वाली 1200 रुपये की धनराशि का इंतजार है। स्कूलों में अध्ययनरत 10 हजार से अधिक बच्चों के अभिभावकों के या तो आधार कार्ड बने नहीं हैं या खाते से लिंक नहीं हैं। वहीं 24 हजार से अधिक बच्चों के आवेदन लंबित हैं। ऐसे में बेसिक स्कूलों में पढ़ने वाले इन बच्चों को समय से योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

जिले में 1596 बेसिक स्कूल संचालित हैं। इस सत्र में इनमें 1.66 लाख बच्चे पढ़ रहे हैं। सरकार की ओर से अध्ययनरत बच्चों के लिए यूनिफार्म, जूता-मोजा व स्वेटर सहित बैग के लिए 1200 रुपये की धनराशि दी जाती है। जहां शासन से बैंक खाते में आधार कार्ड जोड़ने की अनिवार्यता की गई है। बच्चों के अभिभावकों का आधार कार्ड शिक्षकों द्वारा सत्यापित किया जाता है। इसके बाद बैंक में खाते में सीड करना पड़ता है। तब जाकर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होती है। इसके बाद अभिभावकों के खाते में डीबीटी की धनराशि को भेजा जाता है।

जिले में पहले चरण में 131709 बच्चों के अभिभावकों के खाते में 1200 रुपये भेजे जा चुके हैं, जबकि 34702 बच्चों के अभिभावकों के खाते में यह धनराशि नहीं पहुंची है। इनमें से 6409 बच्चों के अभिभावकों का आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक नहीं है। 3890 बच्चाें के अभिभावकों का आधार कार्ड ही नहीं बना है। ऐसे में इन बच्चों को धनराशि नहीं मिल पा रही है। स्कूल स्तर पर 24403 बच्चों व उनके अभिभावकों के आधार सत्यापन शिक्षकों के पास लंबित पड़े हैं।

प्रथम चरण में 131709 बच्चों के अभिभावकों के बैंक खाते में डीबीटी की धनराशि पहुंची है। जैसे-जैसे बच्चों के साथ उनके अभिभावकाें का आधार कार्ड सत्यापित हो रहा है। वैसे-वैसे सूचना शासन को जा रही है। जिन बच्चों के अभिभावकों का आधार बैंक खाते लिंक नहीं है, उन्हें आधार लिंक कराने को कहा जा रहा है। संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामपुर।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button