Rampur News: मुसीबत बना रूट डायवर्जन, दिनभर परेशान हुए लोग
रामपुर। बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर शुक्रवार शाम से सभी तरह के वाहनों पर रोक लगा दी गई। जिसके चलते शनिवार को दिनभर लोगों को परेशान होने पड़ा। डायवर्जन की वजह से रामपुर से बरेली व मुरादाबाद जाने में यात्रियों को दो से तीन घंटे अधिक लग रहे हैं। वहीं रूट डायवर्जन के चलते पटवाई-शाहबाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया। वहीं हाईवे की दोनों लेन पर सिर्फ कांवड़िये चलते नजर आए।
सावन के आखिरी सोमवार पर होने वाले जलाभिषेक को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क है। इसलिए शुक्रवार शाम से ही बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर कार, बाइक, बस, ट्रक समेत सभी तरह के वाहनों पर रोक लगा दी गई थी। हाईवे की दोनों लेन पर सोमवार तक सिर्फ कांवड़िये गुजरेंगे। मुरादाबाद व बरेली की ओर जाने वाली बसें, ट्रक, लोडर, कार, बाइक आदि वाहनों का आवागमन पटवाई से शाहबाद मार्ग से हो रहा है। इसके चलते उस मार्ग पर दिन भर जाम की समस्या बनी रही। वहीं यात्रियों को बरेली जाने के लिए 30 और मुरादाबाद जाने के लिए 50 किलोमीटर की अधिक दूरी तय करनी पड़ी। ऐसे में यात्रियों को परेशानी हुई साथ ही बसों में किराया भी अधिक देना पड़ा।
ट्रैफिक बढ़ने से दिनभर लगता रहा जाम
रूट डायवर्जन की वजह से अधिकांश यातायात पटवाई-शाहबाद मार्ग से होकर गुजारा जा रहा है। बरेली व मुरादाबाद की ओर जाने वाले वाहन इस रोड से होकर गुजरे। रामपुर से मिलक जाने के लिए यात्रियों को पटवाई से मिलक की ओर निकाला गया। ऐसे में इस रोड पर वाहनों की संख्या अधिक रही। जिस कारण दिनभर जाम की समस्या बनी रही। गर्मी में जाम में फंसकर वाहन सवार लोग बेहाल हुए।
शहर के मुख्य मार्ग पर चले सिर्फ बाइक सवार
शहर के अंदर वाले हाईवे से कांवड़िये डीजे पर नाचते-गाते हुए गुजरे। इसलिए इस सड़क पर कार व अन्य वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया। इस मार्ग पर केवल बाइक सवारों को गुजरने की अनुमति मिली। शहर से जाने व शहर के अंदर आने वाली कारों को ज्वालानगर के राम-रहीम सेतु से गुजारा गया।
बोले यात्री
मिलक जाने के लिए बस अड्डे पर एक घंटे से सवारी के इंतजार में खड़ा हूं। अभी तक कोई बस या प्राइवेट वाहन नहीं मिला है। बहुत परेशानी है।
– सूरजमान, यात्री
बिलासपुर जाने के लिए दो घंटे से रोडवेज बस स्टैंड पर बैठा हूं। अब तक यहां से कोई बस बिलासपुर के लिए नहीं गई है।
अकरम, यात्री