राहत : निरस्त चल रहीं छह ट्रेनें बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Sun, 27 Aug 2023 02:06 AM IST
बरेली। निरस्त चल रहीं लंबी दूरी की छह ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। आठ अन्य ट्रेनों का संचालन भी अगले तीन दिन में शुरू हो जाएगा। ऐसे में रक्षाबंधन पर यात्रियों को राहत मिलने के आसार हैं।
अगस्त के पहले सप्ताह में गोरखपुर और लखनऊ मंडल में मरम्मत, नॉनइंटरलॉकिंग के कार्यों की वजह से बरेली होकर गुजरने वाली 14 ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया था। इनमें 15529/15530 सहरसा-आनंद विहार एक्सप्रेस, 15621/15622 कामाख्या-आनंद विहार एक्सप्रेस और 04654/04653 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो गया है। 12492/12491 जम्मूतवी-बरौनी एक्सप्रेस का संचालन 27 अगस्त से, 15531/15532 सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस का 28 से, 15211/15212 दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस का 29 से और 15651/15652 गुवाहटी-जम्मूतवी एक्सप्रेस का संचालन एक सितंबर से शुरू होगा।



