Bareilly News: नाथ मंदिरों की सड़कें बनाएगा पीडब्ल्यूडी, शासन को भेजी डीपीआर
बरेली। नाथ कॉरिडोर की डीपीआर कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम को भेज दी है। डीपीआर दो हिस्सों में भेजी गई है। बताया कि वैदिक वास्तुकला को ध्यान में रखते हुए मंदिरों का लेआउट और डिजाइन तैयार किया गया है। 114 करोड़ रुपये से विकास संबंधी कार्य और 27.72 करोड़ से नाथ मंदिरों का सुंदरीकरण कराया जाएगा।
बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि नाथ मंदिरों की ओर जाने वाली सड़कों के निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी को दी गई है। इसके लिए 125 करोड़ के बजट को मंजूरी मिल गई है। 21 जून को जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेकर सात जुलाई को वित्तीय सहायता के लिए रिपोर्ट भेजी गई थी। 14 अगस्त को इसका प्रस्तुतीकरण देखने के बाद प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम ने डीपीआर को दो हिस्सों में भेजने के लिए कहा। इसमें लोक निर्माण विभाग को सड़कें बनाने का काम दिया गया और मंदिरों के विकास के लिए अलग से डीपीआर तैयार की।
बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि बरेली के चारों ओर आदिनाथ, अलखनाथ, मढ़ीनाथ-तपेश्वरनाथ व पशुपतिनाथ गेट बनकर तैयार हो गए हैं। उन पर पत्थर लगाए जा रहे हैं। अब नाथ मंदिरों से जुड़े चौराहों पर डमरू, त्रिशूल और ओम स्थापित किए जाने हैं।



