Shahjahanpur News: बाढ़ के चलते पत्नी-बेटी को बहन के पास छोड़कर लौटते किसान की डूबने से मौत

गढि़या रंगीन में रामगंगा नदी के बहाव में पप्पू के बहने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
शाहजहांपुर। फर्रुखाबाद के थाना कायमगंज के गांव बेहटा की मड़ैया निवासी लालाराम (52) की मिर्जापुर के इस्लामनगर के पास बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। वह बाढ़ के चलते पत्नी और बेटी को अपनी बहन के यहां छोड़ने गए थे। सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के बाद बीच रास्ते से वह अपने गांव लौट रहे थे, मगर खुद हादसे का शिकार हो गए।
लालाराम अपना गांव बाढ़ के पानी में घिरने के बाद शनिवार को गीता और बेटी शिवानी (15) को फर्रुखाबाद के कायमगंज के झब्बूपुर गांव में बहन फूलन देवी के घर छोड़ने गया था। कायमगंज के पास दोनों को छोड़कर वह खुद गांव के लिए वापस चल दिए। मिर्जापुर के इस्लामनगर के पास पैर फिसलने से लालाराम बाढ़ के पानी में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
जानवर चरा रहे लोगों ने उन्हें डूबते देखकर निकाला, हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर भतीजा बलराम मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बलराम ने बताया कि गांव से करीब सात किलोमीटर दूर लालाराम की डूबने से मौत हुई है। वह मोटरबोट के जरिये मौके पर पहुंचे। लालाराम का एक पुत्र वीरपाल भी है, जो दूसरे प्रदेश में काम करता है।
फसल देखने जा रहा किसान रामगंगा में बहा
जैतीपुर। गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के गांव अमरेड़ी निवासी पप्पू (30) रविवार की दोपहर रामगंगा नदी में बह गए। उनकी तलाश की जा रही है।
रविवार की दोपहर करीब 12 बजे पप्पू अपनी फसल देखने के लिए पड़ोस के गांव बस्ती नगला की तरफ जा रहे थे। रास्ते में पानी के तेज बहाव में उसका पैर फिसल गया और वह बह गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे, जिन्होंने पप्पू को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रजितराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पप्पू की तलाश शुरू कराई। मामले में एसडीएम व तहसील तिलहर को घटना की सूचना दे दी गई। संवाद

