Budaun News: इशारउद्दीन की हत्या में नजदीकियों पर शक, छानबीन शुरू
– बुधवार शाम पड़ोसी के घर में फंदे से लटका मिला था युवक का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव मचलई में इशारउद्दीन की हत्या के मामले में अभी तक हत्यारों का पता नहीं चला है। पुलिस को शक है कि उसकी हत्या नजदीकियों ने की है। या तो इशारउद्दीन की हत्या कर शव वहां ले जाकर फंदे से लटका दिया गया या फिर पार्टी के बहाने उसे पड़ोसी के घर में ले जाकर शराब पिलाई गई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
ग्राम मचलई निवासी इशारउद्दीन का शव बुधवार शाम पड़ोसी के घर में रस्सी के फंदे से लटका मिला था। उसके पैर जमीन से टिके हुए मिले थे। वहीं पर पन्नी बिछी हुई मिली थी। शुरुआती दौर में पुलिस आत्महत्या मान रही थी कि लेकिन पोस्टमार्टम कराने पर पता चला कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। पड़ोसी का घर उस दौरान खाली था, लेकिन एक व्यक्ति वहां रहता था। घटना के बाद से वह व्यक्ति फरार है। एसओ शिवेंद्र भदौरिया ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही पुलिस किसी नतीजे पर पहुंच जाएगी।


