बदायूं

Budaun News: दातागंज में कांवड़ियों से मारपीट, लगाया जाम

Connect News 24

कछला से जल लेकर लौट रहे थे टिकन्ना के कांवड़िये, पुलिस किया मामला शांत

संवाद न्यूज एजेंसी

दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में कलौरा गांव के नजदीक सोमवार शाम कुछ खुराफाती तत्वों ने कांवड़ियों के साथ मारपीट की, जिससे गुस्साए कांवड़ियों ने बेलाडांडी रोड पर जाम लगा दिया। करीब आधा घंटा तक जाम लगा रहा। बाद में पहुंची पुलिस और अधिकारियों ने कांवड़ियों को समझाबुझाकर मामला शांत कराया।

सोमवार शाम कोतवाली क्षेत्र के गांव टिकन्ना निवासी कांवड़िये कछला से जल भरकर लौट रहे थे। बताते हैं कि जत्थे में शामिल कांवड़िये कलौरा गांव के नजदीक पहुंचे थे कि तभी गांव के एक खुराफाती तत्व ने कांवड़ियों के साथ अभद्रता कर दी। उसका विरोध करने पर खुराफाती व्यक्ति ने कुछ लोगों को बुला लिया और उसके बाद कांवड़ियों के साथ मारपीट की, जिससे कांवड़ियों में नाराजगी फैल गई।

उन्होंने बेलाडांडी रोड पर अपने वाहनों को आड़ा तिरछा लगाकर जाम लगा दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर सौरभ सिंह और सीओ कर्मवीर सिंह मौके पर पहुंच गए। कांवड़ियों को समझाया। करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में पुलिस ने कांवड़ियों को समझाबुझाकर वहां से हटा दिया।

सीओ कर्मवीर सिंह ने बताया कि कांवड़ियों से एक व्यक्ति का मामूली विवाद हो गया था। इससे उन्हें समझा दिया गया है। मामला शांत है। किसी ने तहरीर नहीं दी है।

कांवड़ियों पर पथराव के मामले में आरोपी से पूछताछ

बदायूं। शहर में लालपुल पुलिस चौकी के सामने कांवड़ियों पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने जिस आरोपी को मौके से पकड़ा था, उससे पूछताछ की गई है।

बता दें कि रविवार को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव मझिया के कांवड़िये जलभरकर लौट रहे थे। तभी लालपुल पुलिस चौकी के सामने कुछ खुराफाती तत्वों ने कांवड़ियों पर पथराव कर दिया, जिसमें चेतन नाम का एक कांवड़िया घायल हो गया था। पुलिस ने एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया था। बताया जा रहा है कि वह अब भी कोतवाली पुलिस की हिरासत में है। उसके साथ कौन-कौन आरोपी शामिल थे। अभी इसका पता नहीं चला है। इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ चल रही है। इस संबंध में कोई तहरीर नहीं आई है। संवाद

उझानी पुलिस ने रफादफा किया कांवड़ियों को पीटने का मामला

बदायूं। कछला गंगा घाट पर कांवड़ियों से मारपीट का मामला उझानी कोतवाली पुलिस ने रफादफा कर दिया। रविवार दोपहर कछला गंगा घाट पर स्नान के दौरान पीएसी के जवानों ने कई कांवड़ियों से मारपीट की थी। इसमें तीन कांवड़िये घायल हो गए थे। इस मामले में सोमवार को किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी, ऐसे में पुलिस ने मामला रफा-दफा कर दिया। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button