Rampur News: खेमपुर गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
रामपुर। खेमपुर गांव में हुए संघर्ष के बाद अभी भी दोनों पक्षों में तनाव है। इसके चलते बृहस्पतिवार को भी गांव में पुलिस और पीएसी तैनात रही। आरोपी मौके से फरार हो चुके हैं। उधर, गोली लगने से हुई गांव निवासी खुर्शीद की हत्या के बाद बृहस्पतिवार को उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। थाना अजीमनगर क्षेत्र के गांव खेमपुर में बुधवार को प्रधान और पूर्व प्रधान पक्ष के बीच पानी की टंकी के निर्माण के लिए पेड़ काटे जाने को लेकर पथराव और फायरिंग हुई थी। इस दौरान गोली लगने से गांव निवासी खुर्शीद (60) की मौत हो गई थी, जबकि छह लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को अपनी मौजूदगी में खुर्शीद का दफन कराया। इस दौरान भारी संख्या में फोर्स तैनात रही।
आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी
खेमपुर गांव में हुए संघर्ष के मामले में पुलिस रातभर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें देती रही। वहीं मामले में पुलिस ने कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले में पुलिस ने प्रधान पति फिरोज को गिरफ्तार कर लिया है। एसओ बृजेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


