Budaun News: हत्यारोपियों को नहीं जानता था बिहारीपुर का अभिषेक
– चाकू लगने से घायल होने के बाद युवक का बनाया गया वीडियो आया सामने
– परिवार वालों ने तीन लोगों को कराया था नामजद, पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ा
– चाकू से गोदकर युवक की हत्या का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज (बदायूं)। कोतवाली इलाके में चाकू से गोदकर मारे गए अभिषेक का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें कुछ लोग उसके घायल होने के बाद हमलावरों के बारे में जानकारी लेने की कोशिश कर रहे हैं और युवक हमलावरों को पहचानने से इन्कार कर रहा है। इस मामले में परिवार वालों ने शक के आधार पर तीन लोगों को नामजद कराया था, जिनको उनके खिलाफ पुख्ता सुबूत नहीं मिलने पर पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया है।
बुधवार रात बिहारीपुर निवासी 20 वर्षीय अभिषेक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। वह रात करीब 9:30 बजे हजरतपुर अपने मौसा की दुकान से घर लौट रहा था। अभिषेक डहरपुर तक वहीं के प्रमोद की बाइक पर आया था लेकिन डहरपुर से बिहारीपुर पैदल जाने के दौरान तीन अज्ञात लोगों ने उसपर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
बाद में परिवार वाले उसे स्वास्थ्य केंद्र ले गए और बाद में बरेली ले गए तो वह होश में था। उसे बोलने में तकलीफ हो रही थी। इसी दौरान परिवार वालों ने वीडियो बनाते हुए हमलावरों के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की थी। वह उससे पूछ रहे थे कि हमलावर उसका पीछा करते हुए पहुंचे थे या फिर उसे रास्ते में घेर लिया गया। तो उसने बताया कि हमलावर रास्ते में मौजूद थे। वह उन्हें नहीं जानता कि किसने उस पर हमला किया।
उसकी मौत के बाद परिवार वालों ने खिरिया गांव के तीन लोगों पर हत्या का शक जताया। पुलिस ने उनकी तहरीर पर हीरालाल, रामगोपाल और हीरालाल के बेटे हिमांशु के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई लेकिन शुक्रवार शाम तक उनके खिलाफ सुबूत नहीं मिले। इससे उन्हें छोड़ दिया गया।
इंस्पेक्टर सौरभ सिंह ने बताया कि परिवार वालों ने जिन्हें नामजद कराया है, उनसे पूछताछ की गई लेकिन अब तक उनके खिलाफ कोई सुबूत नहीं मिले हैं। हत्या की वजह कोई और भी हो सकती है। इससे सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।
–
दातागंज कोतवाली क्षेत्र में चाकू से गोदकर हुई युवक की हत्या में अभी छानबीन चल रही है। इसमें टीमें लगी हुई हैं। अभी यह कहना मुश्किल है कि युवक की हत्या किसने और क्यों की। यह छानबीन के बाद ही पता चलेगा।
– डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी