Pilibhit News: हापुड़ में साथियों पर लाठीचार्ज से भड़के अधिवक्ताओं ने कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

तहसीलदार को ज्ञापन देते अधिवक्ता । संवाद
पीलीभीत। हापुड़ में अधिवक्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज और उनके खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज करने के विरोध में शुक्रवार को वकीलों ने नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। बाद में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि हापुड़ की घटना की जांच के लिए मुख्यमंत्री की ओर से जो कमेटी गठित की गई है, उससे अधिवक्ता संतुष्ट नहीं हैं। इस तीन सदस्यीय जांच कमेटी में न तो कोई रिटायर्ड न्यायिक अधिकारी है और न ही बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश का कोई सदस्य। लिहाजा जांच कमेटी की निष्पक्षता पर प्रश्न चिह्न लग रहा है। कमेटी में एक न्यायिक अधिकारी और एक बार काउंसिल के मेंबर को सम्मिलित किया जाए।
अधिवक्ताओं ने मांग की कि जल्द से जल्द दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा लिखा जाए और उन्हें जेल भेजा जाए। घटना में संलिप्त प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला किया जाए। चोटिल अधिवक्ताओं को अति शीघ्र उचित मुआवजा दिया जाए। चेतावनी दी गई यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो बेमियादी आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर अधिवक्ता विवेक पांडेय, विवेक अवस्थी, कुलविंदर सिंह सहोता, मोहन गिरि गोस्वामी, आनंद मिश्रा, कुलदीप जौहरी, अंशुल गौरव सिंह, राजीव अवस्थी आदि मौजूद रहे।
पूरनपुर में भी वकीलों ने निकाला जुलूस
फोटो ०१ पीबीटीपी २४
पूरनपुर। हापुड़ में वकीलों पर लाठीचार्ज और गाजियाबाद में वकील मोनू चौधरी की हत्या के विरोध में वकीलों ने जुलूस निकालकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी वकीलों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार हबीब उर रहमान को सौंपा। जुलूस प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सक्सेना के नेतृत्व में निकाला गया। एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। हापुड़ के डीएम और एसपी को हटाने, वकीलों को सहायता दिलाने की मांग की गई।

तहसीलदार को ज्ञापन देते अधिवक्ता । संवाद

