Budaun News: बाढ़ग्रस्त गांवों के बदल रहे हालात, घट रहा जलस्तर
कई दिनों बाद नरौरा से 50,000 क्यूसेक से कम छोड़ा गया पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। गंगा के साथ-साथ रामगंगा का भी जलस्तर तेजी से कम हो रहा है। हालात यह हैं कि अब चुनिंदा जगहों पर ही गंगा कटान कर रही है। हालांकि कटान अब धीरे-धीरे हो रहा हैं। शुक्रवार को नरौरा से काफी दिनों बाद 50,000 क्यूसेक से कम पानी छोड़ा गया।
जिले में अब बाढ़ के हालात पूरी तरह से बदलने लगे हैं, क्योंकि बैराजों से छोड़ा जाने वाले पानी कम आ रहा है। जिसकी वजह से गंगा और रामगंगा का जलस्तर अब तेजी से कम होने लगा है।
शुक्रवार को नरौरा से महज 46,438 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जबकि बिजनौर में तो इससे भी कम महज 31,611 क्यूसेक पानी छोड़ा, हालांकि हरिद्वार से जरूर 56,740 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसकी वजह से कछला में गंगा का जलस्तर शुक्रवार को 161.67 मीटरगेज दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 0.23 मीटर नीचे है।
ऐेसे में अब गंगा अहमद नगर बछौरा, जटा, तौफी नगला आदि में काटन कर रही है। इधर रामगंगा का जलस्तर भी 159.730 मीटरगेज दर्ज किया गया है। इधर, प्रशासन ने दातागंज तहसील में बाढ़ पीड़ितों के पशुओं के लिए 93 क्विंटल भूसे का वितरण कराया।