Rampur News: निजी अस्पताल में इलाज के दौरान बच्चे की मौत, हंगामा
रामपुर। बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार करा रहे छह दिन के एक बच्चे की मंगलवार की देर शाम मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक पर अपनी छह दिन के बेटे को गलत इंजेक्शन लगाकर मारने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बाद में पहुंची पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। नगर के मोहल्ला लक्ष्मी नगर निवासी दिनेश कुमार राठौर चने व परमल का ठेला लगाने का काम करते हैं। दिनेश के अनुसार छह दिन पूर्व उनकी पत्नी ने नगर में तहसील के निकट निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। तीन दिन पूर्व बेटे की तबीयत जब खराब हुई तब अस्पताल के चिकित्सक ने उनके बेटे को नगर में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोड स्थित आरके चाइल्ड केयर अस्पताल में भर्ती करा दिया।
आरोप है कि मंगलवार की शाम करीब चार बजे अचानक उनके बेटे की तबीयत खराब होने लगी। चिकित्सकों ने उनके बेटे को रामपुर के एक निजी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद वह बेटे को लेकर रामपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनके बेटे को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बच्चों के शव को लेकर फिर आरोपी निजी चिकित्सक के अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाकर बेटे को मार डालने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर एएच अंसारी को भी मौके पर बुला लिया। इस दौरान अस्पताल के सभी कर्मचारी इधर-उधर चले गए। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती एक अन्य मरीज को एंबुलेंस के जरिये जिला अस्पताल भिजवा दिया। बाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल को सील कर दिया।
सीएचसी अधीक्षक का कहना है कि मामले की रिपोर्ट वह सीएमओ को भेज रहे हैं। सीएमओ के आदेश पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अस्पताल में न कोई कर्मचारी है और न ही मरीज। ऐसी स्थिति में अस्पताल को सील करने की कार्रवाई कर दी गई है। वहीं कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजन बच्चों के शव को अपने घर ले गए हैं। अगर वह कोई भी तहरीर देंगे तो वह संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करेंगे।