बरेली

Bareilly News: एअरपोर्ट पर सुरक्षा अधिकारी की नौकरी का झांसा देकर ठगी

Connect News 24

बरेली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एअरपोर्ट पर सुरक्षा अधिकारी की नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगार युवक से एक लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली गई। युवक की शिकायत पर एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।

सीबीगंज नई बस्ती पस्तौर निवासी सुरेंद्रपाल के मुताबिक उनके पास अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एअरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में तैनात चीफ एग्जिक्यूटिव संजय अग्रवाल बताया। बताया कि दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा अधिकारी का पद खाली है। 36,900 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इसके लिए 550 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी। इस पर सुरेंद्र ने 550 रुपये ट्रांसफर कर दिए। संजय के साथी सुनील मित्तल, उमेश कुमार और दीपना सिंह ने अपनी साथी कल्पना के मोबाइल नंबर पर क्यूआर कोड के जरिये 78 हजार रुपये, जबकि राजपाल के खाते में 48,325 रुपये डलवा लिए।

ठगों ने सुरेंद्र के व्हाट्सएप पर नियुक्ति पत्र भेज दिया। सुरेंद्र जब दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एअरपोर्ट पहुंचे तो पता लगा कि नियुक्ति पत्र फर्जी है। संजय ठगी करने के बाद भी 15 हजार रुपये मांग रहा है। रुपये वापस मांगने पर संजय और उसके साथियों ने सुरेंद्र के साथ अभद्रता कर उसे जान से मारने की धमकी दी है।

बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के शख्स ने गूगल से एक कंपनी का कस्टमर केयर नंबर लेकर कॉल की तो उससे 99,649 रुपये की ठगी कर ली गई। स्वरूप नगर चाहबाई निवासी रामभरोसे लाल कश्यप ने बताया कि कंपनी का कस्टमर केयर नंबर सर्च कर उस पर कॉल की तो ठग ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने का झांसा देकर पांच रुपये सर्विस चार्ज देने के लिए कहा। बताए मुताबिक रामभरोसे ने पांच रुपये का पेमेंट कर दिया। बाद में पता चला कि उनके खाते से 91,490 रुपये कट चुके हैं। इसके बाद खाते से 8,159 रुपये और कटे। रामभरोसे की तहरीर पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

ये बरतें सावधानी

किसी को आधारकार्ड या पैनकार्ड न भेजें।

किसी नए लिंक पर क्लिक न करें।

किसी ऑफर या इनाम के झांसे में न आएं।

किसी को ओटीपी न बताएं, बैंक संबंधी डिटेल न दें।

वीडियो कॉल पर न्यूड वीडियो बनाकर ठगी के मामले बढ़े हैं, इनसे सावधान रहें।

रात में सोते वक्त मोबाइल पर इंटरनेट बंद रखें।

फिजूल के एप डाउनलोड करने से बचें।

ठगी होते ही टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल करें।

cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

पार्ट टाइम जॉब का लालच देकर मेहनत का पैसा उड़ा रहे साइबर ठग

सोशल मीडिया प्लेटफार्म को बनाया संवाद का जरिया, अनजान लिंक कर न करें क्लिक

संवाद न्यूज एजेंसी

बरेली। साइबर ठगों अब बेरोजगारों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। हाल ही में इस तरह के कई मामले सामने आए हैं। साइबर ठग ऐसे लोगों को तलाशकर उन्हें आकर्षक सैलरी पैकेज का लालच देते हैं। खाते और अन्य दस्तावेज मांगकर जरूरी जानकारी हासिल कर लेते हैं और पलक झपकते ही उनके खाते से उनकी मेहनत की कमाई को उड़ा लेते हैं। इसके लिए उन्होंने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म को जरिया बना रखा है। अनजान लिंक भेजकर भी ठगी के मामले बढ़ रहे हैं।

ऑनलाइन फाॅर्म भरते ही कट गए पैसे

केस- 1

किला क्षेत्र के युवक को अनजान व्यक्ति ने मेसेंजर पर जॉब ऑफर किया। उसने पार्ट टाइम जॉब करके 20-40 हजार रुपये मासिक कमाने का सब्जबाग दिखाया। अप्लाई करने के लिए लिंक पर क्लिक करके जानकारी देनी थी। युवक ने लिंक पर अपनी सारी निजी जानकारी अपलोड कर दी, जिसमें उसका खाता नंबर, आधार संख्या और बैंक का नाम आदि पूरी जानकारी थी। फॉर्म भरते ही उसके खाते से 35 हजार रुपये कट गए। युवक ने अगले दिन इसकी जानकारी पुलिस को दी, लेकिन पुलिस भी उसकी मदद नहीं कर सकी।

सतर्कता दिखाकर ठगी से बची छात्रा

केस- 2

रामपुर गार्डन की स्नातक की छात्रा को भी मेसेंजर पर अनजान व्यक्ति से मेसेज मिला। छात्रा ने दोस्तों को इस बारे में बताया तो उन्होंने लिंक पर क्लिक करने से मना किया। बाद में दोस्तों के ही कहने पर छात्रा ने लिंक पर क्लिक कर दिया। इस पर प्लेसमेंट के लिए एक अनजान कंपनी का लिंक खुला, जिसमें छात्रा से सारी जानकारी मांगी गई। अन्य सहपाठियों ने गूगल पर कंपनी के बारे में सर्च किया तो वास्तव में ऐसी कोई कंपनी थी ही नहीं। इस पर छात्रा ने सचेत होकर उस फॉर्म को बिना भरे ही डिलीट कर दिया और लिंक भी हटा दिया।

फेक आईडी से भेज रहे लिंक

केस- 3

हरुनगला क्षेत्र की युवती को उसके पति की प्रोफाइल पिक्चर वाले अकाउंट से जॉब के लिए मेसेज आया। युवती को लगा कि उसके पति ने उसकी जॉब के लिए कहीं बात की है। युवती ने दिए लिंक पर क्लिक किया। आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर दी। इसके बाद किस खाते की जानकारी साझा करनी है, यह पूछने के लिए पति को फोन कर लिया। पति के इन्कार करने पर युवती ने प्रक्रिया को वहीं रोक दिया। पति के लौटने पर उसने मेसेज से जुड़ी सारी जानकारी साझा की तो पति ने फॉर्म में भरी जानकारी को डिलीट कराकर फॉर्म को भी बंद कराया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button