Bareilly News: स्नातक के परिणाम जारी होने के बाद परास्नातक में बढ़े पंजीकरण
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक पाठ्यक्रमाें के अंतिम वर्ष का परिणाम जारी होने के साथ ही अब परास्नातक में प्रवेश के लिए आवेदन में तेजी आई है। सप्ताहभर पहले करीब 35 हजार आवेदन थे, जो अब 42 हजार के पार पहुंच गए हैं। कॉलेजों को 24 सितंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में परास्नातक में प्रवेश पंजीकरण की प्रक्रिया 18 जुलाई से चल रही है। प्रथम चरण 31 अगस्त को समाप्त होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने द्वितीय चरण के तहत तीन सितंबर तक पोर्टल पर पंजीकरण की तिथि बढ़ा दी थी। इसकी वजह बीए, बीएससी के कुछ पाठ्यक्रमों समेत लॉ के अंतिम वर्ष का परिणाम जारी न होने से पंजीकरण की संख्या कम होना बताया जा रहा है। छात्र संगठन और कॉलेज प्रशासन की आपत्ति के बाद पंजीकरण का द्वितीय चरण शुरू हुआ। तब पंजीकरण की संख्या बढ़ी।
इधर, तिथि बढ़ने के बाद जारी दिशा-निर्देश के सापेक्ष कॉलेजों ने भी अभ्यर्थियों से पोर्टल पर आवेदन मांगे। विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रो. एसके पांडेय के मुताबिक अब तक पोर्टल पर करीब 42 हजार पंजीकरण हो चुके हैं। कॉलेजों को प्रवेश नियमावली भेज दी गई है।
दूसरी बार भी एमए में हो सकेंगे संस्थागत प्रवेश
बरेली। पूर्व में संस्थागत या व्यक्तिगत रूप से स्नातकोत्तर उपाधि लेने वाले विद्यार्थियों को इस बार दोबारा संस्थागत विद्यार्थी के तौर पर स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा एमएससी के सभी विषय और एमए के गणित, भूगोल, मनोविज्ञान, संगीत, चित्रकला, गृहविज्ञान में प्रवेश के लिए अलग से निर्देश जारी किए गए हैं। इससे इतर प्रवेश लेने पर कॉलेज प्रशासन जिम्मेदार होंगे। ब्यूरो
11 सितंबर से होगा परिचय पत्र का वितरण
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक की प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की तिथि बढ़ाए जाने के बाद कॉलेजों में परिचय पत्र और विवरण पत्रिका वितरण की तिथि भी बढ़ा दी गई है। बरेली कॉलेज की मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा के मुताबिक स्नातक की प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि सात सितंबर है। लिहाजा, सीट लॉक होने के बाद 11 सितंबर से नव प्रवेशित विद्यार्थियों को परिचय पत्र और विवरण पत्र दिए जाएंगे। ब्यूरो



