Rampur News: दिव्यांग के घर पहुंचकर डीएम ने कराया गृह प्रवेश
रामपुर। 24 मार्च को दिव्यांग के मकान की नींव डीएम रविंद्र कुुमार मांदड़ ने रखी थी और शुक्रवार को खुद पहुंचकरकर गृह प्रवेश कराया। डीएम ने दिव्यांग की मां इमरता देवी से आशीर्वाद लिया तो वृद्धा के आंसू छलक आए। दरअसल, कई माह पूर्व शाहबाद विकास खंड क्षेत्र के गदमर पट्टी निवासी दिव्यांग दुर्गा प्रसाद ने ग्राम प्रधान और सचिव द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से नाम काटे जाने की शिकायत डीएम से की थी। डीएम ने जांच बैठाई तो जांच में ग्राम प्रधान और सचिव को दोषी पाए गए थे। डीएम ने ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव को भूल सुधार करने का अवसर देते हुए दिव्यांग के आवास को अपने निजी संसाधनों से तैयार करने के निर्देश दिए थे। इस पर ग्राम प्रधान और सचिव ने अपने गलती मानते हुए मकान बनवाने की जिम्मेदारी ली थी।
डीएम ने 24 मार्च को दिव्यांग के घर पहुंचकर इनके घर की नींव में ईंट रखी थी। तभी से मकान का निर्माण चल रहा था। शुक्रवार को डीएम में दिव्यांग दुर्गा प्रसाद के घर पहुंचकर गृह प्रवेश करने के उपरांत उनके घर का जायजा लिया तथा उन्हें कपड़े और राशन की किट भेंट स्वरूप प्रदान की। डीएम की इस पहल के अंतर्गत दिव्यांग को दिए गए सम्मान से ग्रामीण उत्साहित दिखे। डीएम ने बताया कि समर्थ अभियान के तहत जनपद में 11 आवास निर्मित हो रहे हैं। इसी मौके पर दिव्यांग की मां इमरता देवी से डीएम ने अपने सिर पर हाथ रखवाकर आशीर्वाद लिया। कहा कि उन्हें इस तरह की प्रेरणा बुजुर्गों से ही मिलती है। इस मौके पर एसडीएम सुनील कुमार, बीडीओ नरेंद्र गंगवार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जगपाल सिंह यादव, केपी सिंह आदि मौजूद रहे।

