शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: जगह-जगह धंसी सड़कें, चलना हुआ मुश्किल

Connect News 24

Roads sunken at many places, walking difficult

लाल इमली चौराहे से घंटाघर रोड पर हुए गहरे गड्डे। संवाद

तीन मंत्रियों के शहर का हाल : सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों के कारण कई स्थानों पर गड्ढों में वाहन फंसे

संवाद न्यूज एजेंसी

शाहजहांपुर। तेज बारिश ने शनिवार को नगर निगम की व्यवस्था की पोल खोल दी। सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गईं सड़कों की मरम्मत नहीं होने से कई स्थानों पर गड्ढों में वाहन फंस गए। जगह-जगह सड़क धंसने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। शहर का यह हाल तब रहा जब प्रदेश के तीन कद्दावर मंत्री शहर में रहते हैं।

शहर में सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों की अब तक मरम्मत नहीं हुई है। दूसरी ओर वे सड़कें धंस रहीं है जिनको मशीनों से मिट्टी निकालकर खोखला कर दिया गया है। ऐसे में बारिश के दौरान जलभराव होने पर गड्ढे दिखाई नहीं देते। जिस कारण गड्ढों में गिरकर लोग चोटिल हो जाते हैं।

जल निगम की ओर से शहर में सीवर लाइन डालने का काम किया जा रहा है। एक महीना पहले लाल इमली-घंटाघर मार्ग पर द मसूरी इंटरनेशनल स्कूल के पास वाली गली को खोदा गया था। बारिश होने के चलते पानी भरने से अब वहां पर कार्य नहीं हो पा रहा है। तीन दिन पहले स्कूल के पास ही रोड को भी खोद दिया गया। इससे क्षेत्रवासियों व राहगीरों का निकलना-बैठना तक दूभर रहा।

इसी तरह से तारों वालों वाला बाग में तिराहे पर ही सीवर लाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई। यहां भी लोग परेशानी से जूझते रहे। शुक्रवार को अंजान चौकी के सामने सड़क पर गड्ढा हो गया। इसको मिट्टी डालकर भर दिया गया। शनिवार को बारिश में यहां मिट्टी गीली होने से सड़क पर कीचड़ हो गया।

मिट्टी के बैठने के कारण गड्ढा होने पर इधर से गुजरने वाले वाहन उसमें फंसते रहे। क्षेत्रवासियों ने बताया कि सुबह से दोपहर तक चार-पांच वाहन यहां फंसे। जिनको दूसरों की मदद से निकला गया।

जलभराव के कारण नहीं दिखे गड्ढे

बारिश होने के कारण शहर की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। इसकी वजह से सड़कों के गड्ढे दिखाई नहीं दिए। दोपहिया वाहनों के पहिए इन गड्ढों में जाने की वजह से लोग गिरकर चोटिल होते रहे। इनमें टाउनहाल रोड, अंटा चौराहा मार्ग, लाल इमली चौराहा से ईदगाह रोड पर स्थिति काफी खराब रही।

कई स्थानों पर जलभराव

नगर निगम की ओर से बारिश से पहले नालों की तली झाड़ सफाई कराने का दावा किया जाता है। इसके बावजूद बारिश में शहर की सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। शुक्रवार से हो रही बारिश की वजह से लगभग सभी प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। मोहल्लों में भी गलियां जलमग्न दिखीं।

शहर की जर्जर सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव नगर निगम कार्यसमिति की बैठक में पास हो चुका है। इसको आगामी बोर्ड बैठक में पास कराए जाने के बाद शासन को भेजने की तैयारी है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण व मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। जल निगम को सीवर लाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश पहले से ही दिए गए हैं।

– संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button