Budaun News: एससी एसटी एक्ट के झूठे मुकदमों में फंसाने वाले के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा

उघैती में आरोपी के मकान पर कुर्की का नोटिस लगाता पुलिस कर्मी। संवाद
– अपने गांव और क्षेत्र के कई लोगों को फंसाकर रुपये वसूल चुका है आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
उघैती । थाना क्षेत्र के गांव कोट रतनपुर में फर्जी मुकदमों में फंसाकर रुपये वसूलने वाले बनवारी के घर शनिवार को पुलिस ने कुर्की नोटिस चस्पा कर दिया। वह अपने बेटे के साथ मिलकर कई साल से लोगों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के फर्जी मुकदमे दर्ज करवा रहा था लेकिन अब उसके खिलाफ भी कार्रवाई चल रही है।
ग्राम कोट रतनपुर निवासी बनवारी और उसका बेटा करन कई साल से लोगों को एससी एसटी एक्ट के फर्जी मुकदमों में फंसाकर रुपये वसूलते आ रहे थे। दोनों पिता-पुत्र लगातार लोगों को नासूर बनते जा रहे थे। उन्होंने अपने गांव समेत आसपास के तमाम लोगों के खिलाफ कई फर्जी मुकदमे दर्ज कराए। अगर पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया तो उन्होंने 156 (3) के तहत न्यायालय में ही परिवाद दायर कर दिया। बाद में फैसले के नाम पर लाखों रुपये वसूल लिए। उसने इस धंधे में कई लोगों को शामिल कर लिया था। बाद में धीरे-धीरे बनवारी के खिलाफ भी 11 मुकदमें दर्ज कराए गए। अधिकतर मुकदमों में उसकी जमानत हो चुकी है। कुछ दिन पहले स्वरूपपुर निवासी प्रदीप पुत्र राजेंद्र, विवेक सक्सेना पुत्र जगदीश सक्सेना ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में कोर्ट ने बनवारी और उसके बेटे करन को 10 दिन में हाजिर होने का आदेश दिया है। अगर 10 दिन में हाजिर नहीं होते हैं तो मकान की कुर्की कर दी जाएगी। शनिवार को इस मामले में एसआई सुमेर सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने ढोल बजवाकर नोटिस का एलान कराया। बाद में उसके घर पर कुर्की का नाेटिस चस्पा कर दिया गया। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया ढोल लगाडे के साथ मकान पर नोटिस लगा दिया गया है। अगर 10 दिन में हाजिर नहीं होते हैं तो मकान की कुर्की कर ली जाएगी



