Budaun News: झाडू लगाने से मना करने पर छात्रों की पिटाई
घायल छात्र के पिता ने बीएसए से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
कछला। खंगार नगला उच्च प्राथमिक विद्यालय में झाडू लगाने से मना करने पर एक छात्र की पिटाई कर दी गई। इससे वह घायल हो गया। उसके पिता ने बीएसए से इसकी शिकायत की है।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर पुख्ता निवासी धर्मवीर का बेटा नितिन पड़ोसी गांव खंगार नगला के उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता है। छात्र टिंकू, राजू और जसवीर के साथ नितिन शुक्रवार को विद्यालय पहुंचा। आरोप है कि विद्यालय के दो अध्यापकों ने बच्चों ने परिसर में झाडू लगाने के लिए कह दिया। बच्चों ने झाडू लगाने से मना कर दिया। धर्मवीर की मानें तो गुस्साए अध्यापकों ने बच्चों के साथ मारपीट की। पिटाई से नितिन के चोट आई है। नितिन घर लौटा तो उसने अपने पिता को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। बाद में छात्र नितिन के पिता विद्यालय पहुंचे तो अध्यापक उन्हें नहीं मिले। इसके बाद धर्मवीर ने शनिवार को बीएसए को शिकायती पत्र भेजा। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी सहसवान हर्षित का कहना है कि उन्हें शिकायती पत्र नहीं मिला है।
विद्यालय से गायब है रजिस्टर समेत सामान
– खंगार नगला उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र की पिटाई के मामले से पहले रजिस्टर समेत सामान गायब हो जाने की जानकारी अध्यापकों के जरिये खंड शिक्षाधिकारी सहसवान हर्षित को दी गई थी।



