Shahjahanpur News: पूर्णिमा पर ढाईघाट में श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

मिर्जापुर के ढाई घाट पर शुक्रवार को गंगा स्नान करते श्रद्धालु। संवाद
– तेज धूप और गरमी में श्रद्धालुओं को उठानी पड़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। ढाईघाट पर बुद्ध पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर बुद्ध के अनुयायियों ने गंगास्नान कर भगवान बुद्ध की कथा का श्रवण कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। ढाईघाट में ब्रह्म मुहूर्त से शुरू हुआ गंगास्नान का क्रम दोपहर तक चलता रहा। तेज धूप और गर्मी में गंगातट पर पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं ने गंगाजल पीकर प्यास बुझाई। एक दिवसीय गंगा मेले में छाया की कोई व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं ने गंगास्नान के बाद तेज धूप और भीषण गर्मी में गंगा के पक्के पुल के नीचे बैठकर पूजा पाठ किया। बौद्ध धर्म के अनुयायियों ने बौद्ध कथा का श्रवण कर प्रसाद वितरण किया।