Budaun News: जिले में नहीं है आयुष्मान मित्र, इलाज मिलने में हो रही दिक्कत
अस्पतालों में कंप्यूटर ऑपरेटरों के सहारे हो रहा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। गरीब लोगाें को सरकारी से लेकर प्राइवेट अस्पतालों में निशुल्क इलाज मिल सके, इसके लिए सरकार ने आयुष्मान कार्ड दिए तो इन लोगों की मदद के लिए आयुष्मान मित्र भी रखे गए। अपने जिले में भी 18 आयुष्मान मित्र रखे गए, लेकिन डेढ़ साल से जिले में इनमें से एक भी नहीं है। ऐसे में कंप्यूटर ऑपरेटरों से काम लिया जा रहा है।
जिले में करीब सवा चार लाख आयुष्मान कार्ड धारक है, जिनको जरूरत पड़ने पर शासन की तरफ से हर साल पांच लाख रुपये तक का इलाज निशुल्क मुहैया कराया जाता है। अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड धारकों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए शासन ने आयुष्मान मित्र रखे थे।
अस्पतालों में पहुंचने वाले आयुष्मान कार्ड धारकों के निशुल्क इलाज में यह लोग मदद करते थे। इसके विपरीत पिछले डेढ़ साल से यहां एक भी आयुष्मान मित्र नहीं है। इसकी वजह से आयुष्मान कार्ड धारकों को दिक्कत आ रही है। हालांकि बताया जा रहा है कि शासन ने दोबारा से आयुष्मान मित्र रखने की प्रक्रिया को शुरू किया है। फिलहाल अस्पतालों में मौजूद कंप्यूटर ऑपरेटरों ही इस समय यह कार्य कर रहे हैं।
यहां काफी समय से आयुष्मान मित्र नहीं हैं। इनको दोबारा रखने की प्रक्रिया को शुरू किया जा रहा है। जल्द ही इनको रखा जाएगा ताकि आयुष्मान कार्ड धारकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
-प्रदीप वार्ष्णेय, सीएमओ