Shahjahanpur News: बुखार उतरने में लग रहे सात दिन, खांसी 15 दिन तक कर रही परेशान

शाहजहांपुर में स्वास्थ्य कैंप में दवाई देते डॉक्टर। स्त्रोत-स्वास्थ्य विभाग
शाहजहांपुर। बारिश होने के बाद वायरल बुखार, खांसी, जुकाम और मांसपेशियों में दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। बुखार और खराश को ठीक होने में करीब एक सप्ताह लग रहा है, जबकि खांसी सही होने में 15 दिन। बृहस्पतिवार को मलेरिया के तीन और डेंगू के दो नए मरीज मिले।
जल और मच्छरजनित बीमारियाें का प्रकोप खत्म नहीं हो रहा। राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों की भीड़ लग रही है। डॉक्टरों के चैंबर के बाहर लंबी लाइन लग रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि रोग से बचना है तो लोग मास्क लगाए रहें।
दूसरी ओर सीएचसी और पीएचसी में मरीजों की खूब भीड़ उमड़ रही है। बृहस्पतिवार को 9001 मरीजों का परीक्षण किया गया। 1626 मरीजों की जांच की गई, साथ ही 158 मरीज भर्ती हुए। 18 मरीजों को रेफर किया गया।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ.एसपी गंगवार ने बताया कि मलेरिया के तीन नए रोगी मिलने के साथ जनवरी से अभी तक 284 मरीज सामने आ चुके हैं। इसी तरह डेंगू के 27 मरीज सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज हैं।