Bareilly News: कुतुबखाना पुल निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर जुर्माना
बरेली। कुतुबखाना पुल निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने पर कार्यदायी संस्था मंटेना इंफ्रासोल पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माने की संस्तुति स्मार्ट सिटी लिमिटेड से कर दी गई है। सेतु निगम के महाप्रबंधक ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर हर बार बढ़ाकर जुर्माना डालने का आदेश भी दिया है।
कुतुबखाना पुल निर्माण की धीमी रफ्तार की वजह से जून में मंटेना इंफ्रासोल पर 38 लाख का जुर्माना पहले ही डाला जा चुका है। तीन सितंबर को निर्माणाधीन पुल की शटरिंग बांधने के दौरान पीलीभीत (पूरनपुर) निवासी मजदूर धनंजय की नीचे गिरकर मौत हो गई थी। इसके बाद भी लापरवाही जारी है।
सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक अरुण कुमार गुप्ता ने दो दिन पहले निरीक्षण किया तो सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। उनकी रिपोर्ट पर महाप्रबंधक केएन सिंह ने संस्था पर जुर्माना डाला है।
वर्जन
पुल निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। उप परियोजना प्रबंधक की रिपोर्ट पर संस्था पर पांच हजार रुपये का जुर्माना डाला गया है। – केएन सिंह, महाप्रबंधक, सेतु निगम



