Pilibhit News: 902 लोगों की जांच, 16 मलेरिया पॉजिटिव मिले
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Mon, 18 Sep 2023 12:24 AM IST

दवा का छिड़काव करता कर्मी । स्त्रोत – स्वास्थ विभाग
पीलीभीत। मौसम बदलते ही जिले में डेंगू और मलेरिया ने भी दस्तक दे दी। रोजाना डेंगू और मलेरिया के नए मरीज मिल रहे हैं। शनिवार को 57 मरीजों की डेंगू और 845 लोगों की मलेरिया की जांच की गई। इनमें मलेरिया के 16 लोग पॉजिटिव आए हैं, जबकि एक भी मरीज डेंगू पॉजिटिव नहीं आया।
स्वास्थ्य विभाग के द्वारा लगातार जिले में शिविर लगाकर मरीजों का परीक्षण किया जा रहा है। पॉजिटिव आने वाले मरीजों को उपचार देने के साथ अन्य लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। जिले में अब तक 1025 मरीजों की डेंगू की जांच की जा चुकी है। इसमें कुल 266 मरीजों की एनएस वन रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। इनमें 24 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
शनिवार को पूरे जिले में 57 जांचें की गई। इसमें से एक भी मरीज में डेंगू की पुष्टि नहीं हो सकी। वहीं, मलेरिया की पूरे जिले में अब तक कुल 65 हजार 506 लोगों की जांचें की जा चुकी हैं। इनमें अब तक कुल 340 मरीज मलेरिया पॉजिटिव मिल चुके हैं। शनिवार को कुल 845 जांच की गई। इसमें 16 मरीजों में मलेरिया के लक्षण पाए गए। स्वास्थ्य विभाग ने पॉजिटिव आए मरीजों का उपचार शुरू कर दिया है। इसके अलावा गांव व शहर की कॉलोनियों में विभागीय टीम के द्वारा दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।