Budaun News: संदिग्ध हालात में दो युवकों की मौत
मिहौना और गडौरा गांव में सोमवार का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी। कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने मिहौना निवासी मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
पहला मामला मिहौना गांव का है। गांव के 28 वर्षीय हीरालाल पुत्र प्रेमपाल की सोमवार तड़के अचानक ही तबीयत बिगड़ गई। उल्टियां होने पर परिवार के लोग उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। पूर्वाह्न करीब 11 बजे हीरालाल ने दमतोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे दरोगा हरगोविंद यादव ने शव कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि मौत की वजह को लेकर पसोपेश बना हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति साफ होगी।
इसके अलावा गडौरा निवासी प्रदीप (18) पुत्र गंगादीन की अपराह्न करीब तीन बजे मौत हो गई। वह बेहोशी की हालत में अपने गांव के पास ही मिला था। परिवार के लोग पहुंचे, उससे पहले ही वह दमतोड़ चुका था। मृतक के परिजनों ने देर शाम तक पुलिस को अवगत नहीं कराया। पुलिस ने भी गडौरा के प्रदीप की मौत के बारे में जानकारी होने से इन्कार किया है।