Budaun News: धूप निकलने से तापमान बढ़ा

तेज धूप में छाता लेकर जाती छात्राएं। संवाद
मंगलवार को छाए रहेंगे बादल, बूंदाबांदी के भी बन रहे आसार
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। सोमवार को धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीच-बीच में बादल छाए रहने से काफी उमस रही। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को भी बादल छाए रहेंगे। बीच-बीच में बूंदाबांदी के भी आसार बन रहे हैं।
रविवार रात में तेज बारिश के बाद गर्मी कुछ कम हो गई थी। रात करीब आधा घंटा हुई बारिश के बाद गर्माहट कम हुई तो सोमवार को दिन का आगाज बादल छाए रहने के साथ हुआ लेकिन थोड़ी ही देर में धूप निकल आई।
इसके बाद बादलों की आंख मिचाैनी चलती रही लेकिन धूप का असर ज्यादा रहा। कभी-कभी तो चटख धूप निकली। इससे रविवार की तुलना में सोमवार को तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार को जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 23.7 दर्ज किया गया तो सोमवार को यह बढ़कर अधिकतम 34.6 डिग्री हो गया। न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट रही। सोमवार को न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री रहा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. आलोक सागर गौतम के अनुसार, मंगलवार को भी बादल छाए रहेंगे। बीच-बीच में बूंदाबांदी हो सकती है तो कभी धूप भी निकल सकती है। एक सप्ताह बाद मौसम में बदलाव की संभावना है।