Budaun News: विद्यार्थियों ने समझी पुलिस की कार्यप्रणाली
थाना प्रभारी ने दीं विभिन्न जानकारियां, शासन के कार्यक्रमों के बारे में भी बताया
संवाद न्यूज एजेंसी
वजीरगंज। स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यक्रम व मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को आरवी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने थाने का भ्रमण कर पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी ली। थाना प्रभारी धनन्जय पांडेय ने छात्राओं को कार्यालय व पूरे परिसर का भ्रमण कराकर पुलिस कार्रवाई व शासन द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी।
इस दौरान थाना प्रभारी ने छात्राओं को थाना कार्यालय, प्रभारी निरीक्षक कार्यालय, महिला हेल्पडेस्क, कंप्यूटर कक्ष का भ्रमण कराकर अभिलेखों के रखरखाव व ऑनलाइन कार्रवाई की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने छात्रों को मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं के लिए शासन द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम, वूमेन हेल्पलाइन नंबर 1090, महिला हेल्पलाइन नंबर 181, पुलिस आपातकालीन नंबर 112, साइबर क्राइम नंबर आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर वजीरगंज थाने का स्टाफ, कॉलेज डायरेक्टर कुलदीप शर्मा, प्रधानाचार्य एसपी शर्मा आदि मौजूद रहे।
बदायूं। स्टूडेंट पुलिस कैडेट योजना के तहत ब्लॉक कादरचौक के उच्च प्राथमिक विद्यालय गंगपुर पुख्ता के छात्र-छात्राओं ने थाना परिसर का शैक्षिक भ्रमण किया।
यहां उनका स्वागत थानाध्यक्ष वेदपाल सिंह ने किया। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल मोना, सब इंस्पेक्टर हरि मोहन सिंह ने बच्चों को महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार, कारागार, वायरलेस रूम, ऑफिस, कैंटीन, खेल का मैदान व थाना परिसर में स्थित शिव मंदिर का भ्रमण कराया।
सब इंस्पेक्टर हरि मोहन सिंह ने बच्चों को पुलिस की कार्यवाही और उनकी दिनचर्या, समाज में व्याप्त समस्याओं से अवगत कराया। महिला कांस्टेबल मोना ने बेटियों की सुरक्षा, बाल हिंसा, महिला हिंसा आदि के संबंध में जानकारी देते हुए महत्वपूर्ण फोन नंबरों को नोट कराया। इस मौके पर राकेश कुमार,प्रवीण कुमार, अनूप चौहान हरिओम आदि मौजूद रहे।