Shahjahanpur News: वाराणसी की टीम बनी विजेता
प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता : आगरा छात्रावास को 36-29 से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, हथौड़ा में आयोजित तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला वाराणसी और आगरा छात्रावास की टीमों के बीच हुआ। संघर्षपूर्ण मुकाबले में वाराणसी की टीम 36-29 से विजेता रही।
खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के समन्वय से आयोजित प्रतियोगिता का शनिवार को अंतिम दिन था। फाइनल से पहले तीसरा क्वार्टर फाइनल चित्रकूट मंडल और विध्यांचल मंडल के बीच मैच खेला गया। इसमें विध्यांचल मंडल ने 32-20 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई तो चौथे क्वार्टर फाइनल में मेरठ को 34-13 से हराकर आगरा छात्रावास ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
इसके बाद हुए पहले सेमीफाइनल में वाराणसी मंडल ने 32-12 से आगरा मंडल को तो दूसरे सेमीफाइनल में आगरा छात्रावास ने 54-32 से विध्यांचल मंडल को हरा दिया। अंत में फाइनल मुकाबला वाराणसी मंडल और आगरा छात्रावास में हुआ। जिसमें वाराणसी मंडल 36-29 से विजेता रहा। आगरा मंडल उपविजेता बना।
दोनों ही टीमों को मुख्य अतिथि व वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पुरस्कृत किया। इस बीच उन्होंने खिलाड़ियों का हौसलाअफजाई भी की। उन्होंने स्टेडियम के विकास को प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
पुवायां की पूर्व विधायक शकुंतला देवी व रिलायंस पॉवर प्लांट के परियोजना निदेशक हृदय सिंह तोमर, उप्र कबड्डी संघ के महासचिव राजेश कुमार. ऑब्जर्वर हरफूल सिंह, जिला ओलंपिक संघ के सचिव नरेंद्र त्यागी, राहुल तोमर, सचिन प्रेमी, वैभव ठाकुर, आनंद सिंह, अतुल कुमार, दिव्यांशी, निधि यादव, महजबी आदि मौजूद रहे।