रामपुर: ट्रक चालक की गायब पत्नी का शव नदी से बरामद, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

यूपी पुलिस
– फोटो : amar ujala
विस्तार
केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम हींगानगला निवासी ट्रक चालक शिशुपाल की दो दिन से गायब पत्नी आरती देवी (26) का शव रविवार को नदी से बरामद किया गया। मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है।
उन्होंने केमरी पुलिस पर भी हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय पूरे दिन थाने में बैठाए रखने की बात कही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। ग्राम सिमरा के लोगों ने गांव के पास पीलाखार नदी पर बने पुल के नीचे महिला का शव पानी में देखा।
इससे आसपास रहने वाले और गुजरने वालों की भीड़ लग गयी। गांव वालों ने तुरंत सूचना केमरी पुलिस को दी। थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंच ग्रामवासियों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला।
काफी देर के बाद शव की शिनाख्त आरती (26) पत्नी शिशुपाल ग्राम हींगानगला के रूप में की गयी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पति शिशुपाल को सूचना दे दी गई है।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि शिशुपाल और आरती में अक्सर झगड़ा रहता था। कुछ दिन पूर्व ही शिशुपाल ने आरती के साथ मारपीट भी की थी। आरती के पिता प्रेमराज निवासी ग्राम चकफेरी थाना आदमपुर जनपद अमरोहा ने रोते हुए बताया कि आरती उनके चार बच्चों में सबसे बड़ी एकलौती पुत्री थी।
उन्होंने 2017 में आरती की शादी शिशुपाल से की थी। वह अक्सर शराब पीकर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि आरती को उसके पति और घरवालों ने मिलकर दो दिन पूर्व मारा पीटा भी था।
इसके बाद हत्या करके शव को नदी में फेंक दिया। भाई सोनू ने बताया कि शनिवार को शिशुपाल ने फोन पर आरती के गायब होने की बात बताई।